Last Updated:
शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही 61 साल की मां पर टांगिया से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपी भीखम उसेंडी लंबे समय से शराब का आदि था और पूर्व में भी शराब के नशे में परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देता रहा था.
घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस
कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम व्यास कोंग्गेरा में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर मां और बेटे के बीच हुआ विवाद, इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने ही मां पर धारदार कुल्हाड़ी से हमला कर दिया जिससे बुजुर्ग महिला घायल हो गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया. आरोपी पहले भी अपने परिवार को जान से मारने की धमकी देता था.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 06 जुलाई की दोपहर आरोपी भीखम उसेंडी शराब पीकर घर पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा. इसी बात को लेकर उसकी मां बुधियारिन बाई उसेंडी (61 वर्ष) से विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखी धारदार टांगिया को उठाकर अपनी मां पर लगातार कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल बुधियारिन बाई लहूलुहान होकर घर के सामने गली में गिर गईं.
गांव में दहशत का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद भी आरोपी हाथ में टांगिया लेकर गली में बैठा रहा और लोगों को अश्लील गालियां देते हुए धमकी देता रहा कि जो भी पास आएगा, उसे भी जान से मार देगा. इससे गांव में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा.
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. घायल महिला को तत्काल वाहन से कांकेर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
एडिशनल एसपी योगेश साहू ने बताया कि सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. घायल महिला को संजीवनी 108 की सहायता से अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.
आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
आरोपी भीखम उसेंडी लंबे समय से शराब का आदि था और पूर्व में भी शराब के नशे में परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देता रहा था. ग्रामीणों ने बताया कि करीब 10 से 15 साल पहले उसने अपने पिता प्रभुराम उसेंडी के साथ भी मारपीट की थी.
कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है. इस दर्दनाक घटना से व्यासकोंगेरा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.



