Last Updated:
मां का टोकना एक बेटी को इस कदर नागवांर गुजरा कि उसने अपने बेटे के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी. मामला बेंगलुरु के केंगेरी इलाके का है. पुलिस आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, पड़ोसियों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
बेंगलुरु में एक महिला ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपनी ही मां की पीट-पीट कर हत्या कर दी.
Crime News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. ऐब को लेकर टोकना एक बेटी को इस कदर खल गया कि उसने अपनी ही सगी मां को डंडों से पीटना शुरू कर दिया. इस गुनाह में वह अकेली नहीं थी, बल्कि उसका बेटा भी इस वारदात में बराबर का भागीदार था. पीडि़ता की चींख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने इस वारदात की जानकारी पुलिस को दी. वहीं, पुलिस जबतक मौके पर पहुंचती, तबतक बहुत देर हो चुकी थी. अब तक आरोपी महिला ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपनी ही मां की जान ले ली थी.
पुलिस के अनुसार, यह वारदात बेंगलुरु के केंगेरी इलाके स्थित एक अपार्टमेंट की है. मृतका की पहचान जयम्मा के तौर पर की गई है. पुलिस ने आरोपी महिला और उसके बेटे को अरेस्ट कर लिया है. आरोपियों की पहचान भाग्यलक्ष्मी (49) और कुशल (26) के तौर पर हुई है. पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 जून की सुबह की है. जयम्मा ने आरोपी मां-बेटे को शराब पीने से रोकने की कोशिश की थी. इसी बात से नाराज होकर दोनों क्रिकेट के बैट और डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. दोनों तब तक जयम्मा को पीटते रहे, जब तक वह निढाल नहीं हो गई.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो जयम्मा अचेत अवस्था में फ्लैट के वाथरूम में पड़ी हुई थी. पुलिस ने बिना देरी किए जयम्मा को लेकर समीप के हॉस्पिटल में पहुंची. जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि उसी अपार्टमेंट में रहने वाले धनंजय की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मां-बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और धारा 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता धनंजय ने आरोप लगाया है कि अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर रहने वाली भाग्यलक्ष्मी और उसका बेटा शराब पीने के आदी है. बीते तीन-चार महीनों से दोनों शराब पीकर लगातार हंगामा करते आ रहे हैं. उनके इस हंगामे की वजह से इलाके और अपार्टमेंट में रहने वाले लोग परेशान हो चुके थे. बात जब हद से आगे निकलने पर पड़ोसियों ने आरोपी कुशल के पिता कृष्णा नाइक को भी बुलाया था. इसके बा, सभी ने मिलकर उसे नशामुक्ति केंद्र भेजने का भी इंतजाम किया था.
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि कुछ सप्ताह पहले आरोपी कुशल नशामुक्ति केंद्र से लौटकर घर आया था. इसके बाद मां-बेटे ने फिर से शराब पीना और हंगामा करना शुरू कर दिया था. पुलिस के अनुसार, हाल में जयम्मा उनके साथ रहने आई थीं और पिछले तीन-चार दिनों से उनके फ्लैट से लगातार झगड़े का शोर सुनाई दे रहा था. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 21 जून की रात भी घर से झगड़े और शोर-शराबे की तेज आवाजें आ रही थीं. उस दिन भी उन्होंने जयम्मा की चीखें सुनी थीं. वहीं, शिकायतकर्ता और पड़ोसियों की गवाही के आधार पर पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें



