जम्मू-कश्मीर के जम्मू जिले के आरएस पुरा सीमावर्ती इलाके में पुलिस ने संवेदनशील सुरक्षा जानकारी विदेशी खुफिया एजेंटों और आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों तक पहुंचाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अखनूर के मथवार निवासी अरुण कुमार और मोखे गांव निवासी गौरव शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरएस पुरा थाने में दोनों के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 की धारा 3 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर एन्क्रिप्टेड संचार माध्यमों के जरिए राज्य की सुरक्षा से जुड़ी तस्वीरें और इलेक्ट्रॉनिक डेटा विदेशी खुफिया एजेंटों तथा आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों के साथ साझा कर रहे थे। इनमें पाकिस्तान स्थित संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल बताए गए हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… ₹100 करोड़ का घोटाला मामले में तमिलनाडु के पूर्व मंत्री को 6 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री और DMK नेता अनबिल महेश को 100 करोड़ रुपये के निजी स्कूल से जुड़े मामले में 6 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। महेश पर आरोप है कि उन्होंने 2021 से 2026 तक स्कूल शिक्षा मंत्री रहने के दौरान 1,000 से ज्यादा प्राइवेट स्कूलों के प्रबंधन से ‘पार्टी फंड’ के नाम पर पैसे वसूले। आरोप है कि इसके बदले स्कूलों को स्थायी मान्यता और अन्य प्रशासनिक मंजूरियां दी गईं। महेश ने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत भी लगाई थी। सोमवार को उनकी याचिका खारिज कर दी गई। कुछ घंटे बाद ही ग्रेटर चेन्नई पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने उन्हें अरेस्ट कर लिया। दिल्ली के हर्ष विहार में ढही पुरानी इमारत के मलबे से पिता-पुत्र के शव बरामद उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना क्षेत्र के मिलन गार्डन में रविवार शाम ढही इमारत के मलबे से सोमवार को पिता-पुत्र के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान चंद्रपाल (60) और विजय कुमार (33) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए हैं। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि रविवार शाम 6:46 बजे सेवा धाम रोड स्थित मिलन गार्डन के ए-4 में इमारत ढह गई थी। पुरानी इमारत के भूतल पर गोदाम था और उसके ऊपर का पहला तल भी ढह गया था। दमकल की 2 गाड़ियां, 2 एंबुलेंस, क्रेन, सिविल डिफेंस कर्मी और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई थीं।
Source link
भास्कर अपडेट्स: जम्मू-कश्मीर में आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों को संवेदनशील सुरक्षा जानकारी देने के आरोप में 2 गिरफ्तार
RELATED ARTICLES