- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) को फेंसिंग के लिए 142.79 एकड़ जमीन सौंप दी है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राज्य सरकार सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए तेजी से काम कर रही है। इसके तहत BSF चौकियों और वायर फेंसिंग के निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
बंगाल सरकार ने 11 मई को हुई पहली कैबिनेट बैठक में 45 दिनों के भीतर 600 एकड़ जमीन सीमा सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के लिए BSF को देने का निर्णय लिया था। पहले चरण में 20 मई को पांच जिलों में 43 एकड़ जमीन और 31.9 एकड़ वेस्टेड लैंड के स्वीकृति आदेश BSF को सौंपे गए थे।
पश्चिम बंगाल की बांग्लादेश के साथ 2,217 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है, जो किसी भी भारतीय राज्य में सबसे लंबी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक राज्य में अब तक करीब 1,600 किलोमीटर सीमा पर फेंसिंग हो चुकी है, जबकि लगभग 600 किलोमीटर हिस्सा अभी भी बिना बाड़ के है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
मैसूरु में तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, हाथी के 4.058 किलोग्राम दांत बरामद किए गए

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने कर्नाटक के मैसूरु में तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान भारतीय हाथी के 4.058 किलोग्राम दांत (आइवरी) बरामद किए गए हैं। मामले में तीन लोगों को पकड़ा गया है।
डीआरआई की ओर से जारी बयान के मुताबिक भारतीय हाथी को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 में रखा गया है। इस कानून के तहत हाथियों और उनसे जुड़े उत्पादों के व्यापार पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसी प्रावधान के तहत जब्त किए गए हाथीदांत को सीज किया गया।
डीआरआई ने बताया कि एजेंसी ने हाल के वर्षों में वन्यजीव तस्करी से जुड़े कई अवैध नेटवर्क ध्वस्त किए हैं और इस तरह के रैकेट्स पर लगातार कार्रवाई जारी है।
दिल्ली में 25 साल के युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या की

दिल्ली के कंझावला में मंगलवार सुबह एक 25 साल के युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, युवक को एक घर में चोरी करने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था, जिसके बाद भीड़ ने उस पर हमला कर दिया।
घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सबूत जुटाए।
मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
सरकारी राशन सिस्टम 5 साल बढ़ाने की मंजूरी, लाभार्थियों की पहचान के लिए अब AI का इस्तेमाल

देश के 80 करोड़ नागरिकों तक पहुंच वाला सरकारी राशन सिस्टम (पीडीएस) पूरी तरह ‘हाईटेक’ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक में पीडीएस योजना 5 साल बढ़ाने की मंजूरी दी गई। खास बात है कि अनाज बांटने, धांधली रोकने और लाभार्थियों की पहचान करने के लिए अब एआई का इस्तेमाल होगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इससे अनाज परिवहन की दूरी 15% से 50% तक कम हो जाएगी। स्थानीय स्तर पर अनाज खरीद को बढ़ावा मिलेगा और सालाना 280 करोड़ रु. की बचत होगी। कार्बन उत्सर्जन में 35% कमी का अनुमान है।




