- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
32 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) को फेंसिंग के लिए 142.79 एकड़ जमीन सौंप दी है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राज्य सरकार सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए तेजी से काम कर रही है। इसके तहत BSF चौकियों और वायर फेंसिंग के निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
बंगाल सरकार ने 11 मई को हुई पहली कैबिनेट बैठक में 45 दिनों के भीतर 600 एकड़ जमीन सीमा सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के लिए BSF को देने का निर्णय लिया था। पहले चरण में 20 मई को पांच जिलों में 43 एकड़ जमीन और 31.9 एकड़ वेस्टेड लैंड के स्वीकृति आदेश BSF को सौंपे गए थे।
पश्चिम बंगाल की बांग्लादेश के साथ 2,217 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है, जो किसी भी भारतीय राज्य में सबसे लंबी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक राज्य में अब तक करीब 1,600 किलोमीटर सीमा पर फेंसिंग हो चुकी है, जबकि लगभग 600 किलोमीटर हिस्सा अभी भी बिना बाड़ के है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी

दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट बुधवार को तकनीकी खराबी आने के बाद बीच रास्ते से वापस लौट आई। विमान करीब आठ घंटे तक हवा में रहने के बाद सुरक्षित नई दिल्ली एयरपोर्ट वापस आ गया।
एयर इंडिया के मुताबिक फ्लाइट AI173, जिसे बोइंग 777-300ER विमान ऑपरेट कर रहा था, में करीब 230 यात्री सवार थे। उड़ान ने दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए टेकऑफ किया था, लेकिन उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या सामने आने पर सुरक्षा मानकों के तहत विमान को वापस दिल्ली लाने का फैसला लिया गया।
कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि ग्राउंड स्टाफ की ओर से यात्रियों को रिफ्रेशमेंट, होटल में ठहरने और जरूरत के अनुसार री-शेड्यूलिंग जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
मैसूरु में तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, हाथी के 4.058 किलोग्राम दांत बरामद किए गए

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने कर्नाटक के मैसूरु में तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान भारतीय हाथी के 4.058 किलोग्राम दांत (आइवरी) बरामद किए गए हैं। मामले में तीन लोगों को पकड़ा गया है।
डीआरआई की ओर से जारी बयान के मुताबिक भारतीय हाथी को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 में रखा गया है। इस कानून के तहत हाथियों और उनसे जुड़े उत्पादों के व्यापार पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसी प्रावधान के तहत जब्त किए गए हाथीदांत को सीज किया गया।
डीआरआई ने बताया कि एजेंसी ने हाल के वर्षों में वन्यजीव तस्करी से जुड़े कई अवैध नेटवर्क ध्वस्त किए हैं और इस तरह के रैकेट्स पर लगातार कार्रवाई जारी है।
दिल्ली में 25 साल के युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या की

दिल्ली के कंझावला में मंगलवार सुबह एक 25 साल के युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, युवक को एक घर में चोरी करने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था, जिसके बाद भीड़ ने उस पर हमला कर दिया।
घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सबूत जुटाए।
मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
80 करोड़ नागरिकों तक पहुंच वाला सरकारी राशन सिस्टम 5 साल बढ़ाने की मंजूरी

देश के 80 करोड़ नागरिकों तक पहुंच वाला सरकारी राशन सिस्टम (पीडीएस) पूरी तरह ‘हाईटेक’ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक में पीडीएस योजना 5 साल बढ़ाने की मंजूरी दी गई। खास बात है कि अनाज बांटने, धांधली रोकने और लाभार्थियों की पहचान करने के लिए अब एआई का इस्तेमाल होगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इससे अनाज परिवहन की दूरी 15% से 50% तक कम हो जाएगी। स्थानीय स्तर पर अनाज खरीद को बढ़ावा मिलेगा और सालाना 280 करोड़ रु. की बचत होगी। कार्बन उत्सर्जन में 35% कमी का अनुमान है।
ये 3 AI बदलेंगे राशन व्यवस्था की सूरत…
निर्मल: लाभार्थियों का रियल-टाइम एआई डेटाबेस तैयार करेगा। इससे फर्जी लाभार्थियों को हटाने और डेटा जोड़ने में मदद मिलेगी।
आशा: बहुभाषी प्लेटफॉर्म से फोन कॉल, वॉट्सएप, आईवीआरएस या चैटबॉट से शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। यह प्लेटफॉर्म रोजाना 3 लाख शिकायतों/सवालों को हैंडल करने में सक्षम बताया गया है।
सक्षम: राशन ले जाने वाली गाड़ियों की ट्रैकिंग, अनाज की बोरियों पर क्यूआर-कोड और मांग का सटीक अनुमान लगा सकेंगे।




