Last Updated:
Ajmer Girl Death Case: अजमेर के किशनगढ़ क्षेत्र में नौलखा गांव की युवती की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है. पुलिस को शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका है. युवती का शव कार में मिला, जबकि उसका मंगेतर जहर खाने की हालत में घायल मिला. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया या घटना को भटकाने की कोशिश की. घटनास्थल से बियर की बोतलें, चुन्नी और अन्य सामान जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. परिजनों ने युवक पर हत्या और गैंगरेप का आरोप लगाया है. मामले की जांच पुलिस हर एंगल से कर रही है.
अजमेर के किशनगढ़ क्षेत्र में नौलखा गांव की युवती की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है.
अजमेर. किशनगढ़ के गेगल थाना क्षेत्र के नौलखा गांव की एक युवती की संदिग्ध मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है. पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. शुरुआती जांच में युवती की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. मामले में मृतका के मंगेतर पर गंभीर आरोप लगे हैं, जबकि युवक खुद भी कथित रूप से जहर खाने की हालत में घायल मिला है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का प्रयास था या पूरी घटना को भटकाने की साजिश.
पुलिस के अनुसार, नौलखा गांव निवासी युवती की करीब पांच वर्ष पहले बुबानी स्थित साली की ढाणी निवासी युवक से सगाई हुई थी. बताया जा रहा है कि सगाई के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चलता रहता था. सोमवार को युवक अपनी मंगेतर को कार में अपने साथ लेकर गया था. इसी दौरान खोड़ा गणेश पहाड़ी क्षेत्र के पास कार में युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया.
युवक ने खुद के जहर पीने की बात कहकर परिजनों को सूचना दी
जानकारी के मुताबिक, युवक ने खुद के जहर पीने की बात कहकर परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलने पर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और युवती को बेहोशी की हालत में किशनगढ़ के यज्ञनारायण अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं युवक को उपचार के लिए भर्ती कराया गया. पुलिस का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलते ही युवक प्रकाश को डिटेन कर पूछताछ की जाएगी.
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी की निगरानी में की जा रही है. पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है. घटनास्थल से कार में मिली बियर की बोतलें, युवती की चुन्नी और चप्पलों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है. एएसपी रामचंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने भी पूरे मामले में निष्पक्ष और उचित जांच के निर्देश दिए हैं.
परिजनों ने गैंगरेप का लगाया आरोप
मृतका के परिजनों ने युवक पर हत्या का आरोप लगाया है. साथ ही पुलिस को गैंगरेप की शिकायत भी दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने इस पहलू को भी जांच में शामिल कर लिया है. फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या, साजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. इलाके में इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश और चर्चा का माहौल बना हुआ है.
About the Author

दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें



