Last Updated:
हाल के वर्षों में लॉरेंस बिश्नोई, रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़, हिमांशु भाऊ और बंबीहा गैंग जैसे संगठित अपराध गिरोहों की विदेशों में बढ़ती गतिविधियों के बाद अब राहुल आरके मीना गैंग का नाम भी सामने आने लगा है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यदि भारतीय गैंगस्टरों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का विस्तार इसी तरह जारी रहा तो यह कानून-व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा सहयोग के लिए नई चुनौती बन सकता है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
विदेशी धरती पर सक्रिय भारतीय गैंगस्टरों का नेटवर्क लगातार फैलता नजर आ रहा है. पुर्तगाल में भारतीय मूल के कारोबारी हरपाल सिंह की कार पर हुई फायरिंग के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. वायरल पोस्ट में खुद को राहुल आरके मीना गैंग से जुड़ा बताते हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. हालांकि, इस पोस्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं.
वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि कारोबारी हरपाल सिंह पर हुई फायरिंग उसी गैंग ने कराई थी. पोस्ट में धमकी भरे लहजे में लिखा गया है कि इस बार वह बच गया, लेकिन अगली बार उसे नहीं छोड़ा जाएगा. साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी शर्तें नहीं मानी गईं तो इसी तरह की घटनाएं आगे भी होती रहेंगी.
पोस्ट में सुनील मीणा गैंग का भी जिक्र किया गया है. इसके अलावा अमन साहू गैंग, नरेश अबोहर और अर्चित छापराना के नाम भी हैशटैग के साथ लिखे गए हैं. माना जा रहा है कि इन नामों के जरिए गैंग अपने आपराधिक गठजोड़ का संदेश देने की कोशिश कर रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, राहुल आरके मीना गैंग का संबंध झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू के नेटवर्क से भी जोड़ा जा रहा है, जिसकी पिछले वर्ष पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी. जांच एजेंसियां इस संभावित गठजोड़ की भी पड़ताल कर रही हैं.
इस बीच, राहुल आरके मीना गैंग के सरगना ने सोशल मीडिया पर अत्याधुनिक हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें भी साझा की हैं. इतना ही नहीं, गैंग की ओर से कथित तौर पर ऑनलाइन भर्ती अभियान चलाए जाने की भी जानकारी सामने आई है. इससे संकेत मिल रहे हैं कि गैंग सोशल मीडिया के जरिए अपना नेटवर्क बढ़ाने और नए सदस्यों को जोड़ने की कोशिश कर रहा है.
हाल के वर्षों में लॉरेंस बिश्नोई, रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़, हिमांशु भाऊ और बंबीहा गैंग जैसे संगठित अपराध गिरोहों की विदेशों में बढ़ती गतिविधियों के बाद अब राहुल आरके मीना गैंग का नाम भी सामने आने लगा है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यदि भारतीय गैंगस्टरों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का विस्तार इसी तरह जारी रहा तो यह कानून-व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा सहयोग के लिए नई चुनौती बन सकता है.
फिलहाल पुर्तगाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां फायरिंग की घटना, वायरल पोस्ट और उसके पीछे सक्रिय लोगों की पहचान करने में जुटी हैं. वहीं भारतीय एजेंसियां भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. अभी तक यह आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि वायरल पोस्ट वास्तव में राहुल आरके मीना गैंग ने ही जारी की है या नहीं. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी.



