Last Updated:
Ajmer Former Sarpanch Murder Case: अजमेर के बोराडा इलाके में पूर्व सरपंच रामसिंह सहित चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि आरोपी बेटे ने ऑनलाइन हथियार मंगवाकर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार, मृतक रामसिंह परिवार को लंबे समय से प्रताड़ित करता था और उस पर 16 मुकदमे दर्ज थे. घटना से पहले उसने पत्नी सुनीता के साथ मारपीट भी की थी. पुलिस ने आरोपी मां और बेटी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेटे को डिटेन किया गया है. मामले में ऑनलाइन हथियार खरीदने और पूरी साजिश की जांच जारी है.
अजमेर में पूर्व सरपंच रामसिंह सहित चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया
अजमेर. जिले के बोराडा इलाके में पूर्व सरपंच रामसिंह सहित चार लोगों की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक प्रताड़ना, घरेलू विवाद और लंबे समय से चला आ रहा तनाव मुख्य वजह बताया जा रहा है. अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने न्यूज 18 से खास बातचीत में पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए ऑनलाइन हथियार मंगाया गया था. इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी सुनीता, बेटी और बेटे की भूमिका सामने आई है.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेटे ने ऑनलाइन हथियार मंगवाया था और बाद में उसी हथियार से वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस के अनुसार, मृतक रामसिंह अपनी पहली पत्नी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था. इसी कारण परिवार के सदस्य उससे नाराज चल रहे थे. एसपी के मुताबिक, मृतक की बेटी पढ़ाई में काफी होशियार थी और स्कूल की टॉपर रही थी, लेकिन उसे भी लगातार परेशान किया जा रहा था. परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव में था.
रामसिंह ने सुनीता से की थी मारपीट
जानकारी के अनुसार, घटना से पहले भी बुधवार रात को रामसिंह ने सुनीता के साथ मारपीट की थी. इसके बाद परिवार के भीतर गुस्सा और बढ़ गया. पुलिस का कहना है कि मां सुनीता शुरुआत में इस वारदात के खिलाफ थी और उसने हत्या करने से इंकार भी किया था, लेकिन बाद में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर योजना में शामिल हो गई. इसके बाद आरोपी बेटे ने हथियार से चार लोगों की हत्या कर दी.
हिस्ट्रीशीटर रामसिंह पर करीब 16 मुकदमे थे दर्ज
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक रामसिंह पर अलग-अलग मामलों में करीब 16 मुकदमे दर्ज थे. वह पूर्व में बोराडा थाने का हिस्ट्रीशीटर भी रह चुका था. इलाके में उसका दबदबा और विवादित छवि लंबे समय से चर्चा में थी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पारिवारिक प्रताड़ना और लगातार हो रहे विवादों ने इस वारदात को जन्म दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की.
मां और बेटी को गिरफ्तार कर बेटे को किया डिटेन
पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मां सुनीता और बेटी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेटे को डिटेन किया गया है. पुलिस ऑनलाइन हथियार मंगाने और वारदात की पूरी साजिश को लेकर भी गहन जांच कर रही है. एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि मामले में हर पहलू की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हथियार कहां से और किस माध्यम से मंगवाया गया था. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं.
About the Author

दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें



