Last Updated:
आंध्र प्रदेश के गुंटूर में 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत नहीं मिलने पर एक महिला को निर्वस्त्र करने और उसके परिवार पर हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने टीडीपी के वार्ड सचिव मल्लेला वेंकट रमण मूर्ति समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
रिश्वत नहीं देने पर महिला को निर्वस्त्र करने वाले टीडीपी नेता सहित नौ आरोपियों को अरेस्ट किया है. (एआई इमेज)
TDP Leader Arrest: आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत नहीं मिलने पर एक महिला को निर्वस्त्र कर दिया गया. साथ ही, उसके पूरे परिवार पर हमला की वारदात को अंजाम दिया गया. इस शर्मनाक वारदात को अंजाम देने वाले सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के स्थानीय नेता और उसके परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. साथ ही, इस मामले में आरोपी नेता सहित नौ लोगों को अरेस्ट किया गया है. वहीं, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
- पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय मल्लेला वेंकट रमण मूर्ति के रूप में हुई है. वह गुंटूर शहर के नगरमपालेम इलाके में टीडीपी से जुड़े वार्ड सचिव के पद पर था. आरोप है कि उसने स्थानीय निवासी नागेश्वर राव से उनके घर के सामने बोरवेल की मरम्मत कराने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी.
- जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को नागेश्वर राव अपने घर के सामने पानी के बोरवेल की मरम्मत करा रहे थे. इसी दौरान आरोपी मूर्ति वहां पहुंच गया. आरोप है कि उसने 10 हजार रुपये की मांग की. राव ने यह कहते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया कि यह उनके घर का निजी काम है. वह इसका पूरा खर्च वह खुद उठा रहे हैं.
- पुलिस का कहना है कि रिश्वत नहीं मिलने पर पहले दोनों के बीच बहस हुई. इसके बाद राव के बेटे ने अपने पिता को घर के अंदर ले जाकर मामला शांत कराने की कोशिश की. लेकिन रात करीब आठ बजे आरोपी मूर्ति अपने आठ रिश्तेदारों के साथ दोबारा वहां पहुंच गया.
- आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर नागेश्वर राव और उनके परिवार के साथ मारपीट की. इसी दौरान राव की पत्नी को कथित तौर पर निर्वस्त्र कर दिया गया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया.
- पीड़ित परिवार ने 16 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने शुक्रवार रात आरोपी मूर्ति और उसके आठ रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया है.
किसी भी महिला का अपमान पूरी तरह अस्वीकार्य है. ऐसे लोगों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है. कानून सभी के लिए बराबर है और किसी को भी राजनीतिक पहचान के आधार पर बचाया नहीं जाएगा. – एन चंद्रबाबू नायडू, मुख्यमंत्री, आंध्र प्रदेश
आरोपी नेता को पार्टी के सभी पदों से किया गया निलंबित
आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने आरोपी मल्लेला वेंकट रमण मूर्ति को पार्टी के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…और पढ़ें



