Homeट्रैवल115 द्वीपों वाला देश, खूबसूरती में नंबर 1! पीएम मोदी की यात्रा...

115 द्वीपों वाला देश, खूबसूरती में नंबर 1! पीएम मोदी की यात्रा के बाद सेशेल्स पहली पसंद


Last Updated:

Seychelles Beauty: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिन्द महासागर के सबसे सुदूर कोने में बसा सेशेल्स की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं. इस यात्रा के बेहद कूटनीतिक महत्व है, यह बात अलहदा है लेकिन अगर आप शांत वातावरण में छुट्टियां मनाना चाहते हैं तो सेशेल्स आपके लिए जन्नत से कम नहीं है. यहां का समुद्र तट दुनिया के सबसे खूबसूरत समुद्र तटों में नंबर 1 आता है. यहां की हसीन वादियां और यहां के कोरल रीफ आपकी यादों के फ्रेम को ताउम्र तक ताजा रखेंगे.

Zoom

सेशेल्स.

Seychelles Travel: अगर आबादी के हिसाब से देखें तो सेशेल्स किसी जिले के बराबर भी नहीं है. महज डेढ लाख की आबादी है यहां की. पूरा देश 400 से 450 वर्ग किलोमीटर में सिमट जाता है. इसमें छोटे-छोटे 115 द्वीप हैं. सबसे बड़ा द्वीप है माहे जहां देश की राजधानी विक्टोरिया स्थित है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब तीन दिवसीय यात्रा पर यहां आए हैं तो भारत सहित कई देशों के लोगों की टकटकी लग गई है. यह देश इतना खूबसूरत है कि यहां की आबादी से पांच गुना ज्यादा पर्यटक यहां हर साल आ जाते हैं. यहां के लोगों की सबसे ज्यादा कमाई टूरिज्म से ही होती है. यह देश इतना खूबसूरत है कि पिछले कई सालों से हमेशा टॉप 25 पसंदीदा द्वीपों में अपनी जगह बना लेता है. आइए जानते हैं कि इस देश में क्यों घूमना चाहिए.

सेशेल्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी. Photo-PTI

सेशेल्स क्यों जाएं
यदि आप बहुत ज्यादा थक गए हैं और भीड़-भाड़ की शोर से तंग आ गए हैं तो सेशेल्स आपके स्वागत के लिए तैयार है. यहां का शांत वातावरण प्रकृति प्रेमियों के लिए जन्नत है. यहां की प्राकृतिक सुंदरता ऐसी है जिसे आप शब्दों में बयां नहीं कर सकते, इसे केवल अनुभव किया जा सकता है. सबसे खास बात यह है कि यहां हर चार कदम पर आपको समुद्र तट मिल जाएंगे. इस समुद्र तट की खासियत यह है कि यह दुनिया के सबसे शुद्धतम रूप में है. इसलिए सेशेल्स में दुनिया के कुछ सबसे खूबसूरत समुद्र तट है. सेशेल्स अपने शानदार सफेद रेत वाले समुद्र तटों के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. यहां का पानी क्रिस्टल की तरह साफ और नीला है. दुनिया का सबसे खूबसूरत समुद्र तट एनसे सोर्स डी आर्जेंट है. सेशेल्स दुर्लभ जीव-जंतुओं के लिए प्रकृति का अभ्यारण्य है. यहां कई ऐसे दुर्लभ पौधे और जीव-जंतु हैं जो दुनिया में और कहीं नहीं मिलते.

सेशेल्स में क्या-क्या घूमें 

एनसे सोर्स डी आर्जेंट : एनसे सोर्स डी आर्जेंट को अक्सर दुनिया के सबसे खूबसूरत समुद्र तटों में गिना जाता है. यहां का विशाल ग्रेनाइट चट्टानें समुद्र की सुंदरता को और भी बढ़ा देती हैं. समंदर की लहरों का चोट खाकर ये ग्रेनाइट पत्थर कुदरती डिजाइन का करिश्मा बन गई हैं. ये चट्टानें सफेद रेत और नीले पानी के बीच एक अद्भुत दृश्य पेश करती हैं जो फोटोग्राफी के लिए इसे दुनिया की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक बनाते हैं. एनसे सोर्स डी आर्जेंट सेशेल्स के ला डिग द्वीप पर स्थित है. यहां का पानी बहुत उथला और बेहद शांत रहता है. यहां के कोरल रीफ समुद्र की लहरों को तट तक पहुंचने से पहले ही रोक देते हैं, जिससे यह स्विमिंग और स्नॉर्कलिंग के लिए एक सुरक्षित और बेहतरीन जगह बन जाती है. यहां का पानी इतना पारदर्शी है कि आप इसमें छोटी-छोटी रंग-बिरंगी मछलियों को तैरते हुए देख सकते हैं. तट के पीछे घने नारियल के पेड़ और प्राकृतिक हरियाली इसे एक स्वर्ग जैसा अनुभव देती है. इस तट पर जाते हुए आप रास्ते में विशाल कछुओं को देख सकते हैं. यहां दुनिया के सबसे बुजुर्ग कछुओं को देख सकते हैं. पीएम मोदी ने इस द्वीप के पास दुनिया के सबसे उम्रदराज कछुआ को घास खिलाया है. इस रास्ते में आप पारंपरिक वेनिला प्लांटेशन की सैर भी कर सकते हैं.

पोर्ट लौने बीच : पोर्ट लौने बीच सेशेल्स के माहे द्वीप पर स्थित एक बेहद खूबसूरत बीच है. यह समुदर् तट अपने शांत और नीले-हरे रंग के क्रिस्टल जैसे पानी के लिए जाना जाता है. यह तैराकी और स्नॉर्कलिंग के लिए एकदम सुरक्षित और आदर्श है. चारों ओर घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा यह तट एक एकांत और शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करता है. यहां का सनसेट यानी जब सूर्यास्त होता है, तब का नज़ारा अत्यंत मनमोहक होता है. अगर आप फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए एक स्वर्ग बनाता है. यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत लहरों की आवाज आपको शहर की भीड़-भाड़ से दूर एक अनोखी शांति का अनुभव कराती है जो इसकी असली पहचान है.

वैली डी माई: अगर आप सेशेल्स जा रहे हैं तो वैली डी माई जाना न भूले. वैली डी माई यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल है. यहां आप प्रसिद्ध कोको-डी-मेर के पेड़ देख सकते हैं. यह तार के पेड़ की तरह होता है. इस पेड़ से निकले बीज दुनिया का सबसे बड़ा बीज हैं. यह 15 किलोग्राम तक का हो सकता है. यह बेहद दुर्लभ बीज है. इसका आकार स्त्री प्रजनन अंगों की तरह ही होता है. वैली डी माई में माई नेशनल पार्क है. इसे ईडन का बगीचा कहा जाता है. यहां का जंगल प्रागैतिहासिक काल से बचा हुआ है. यहां के विशाल और घने ताड़ के पेड़ पूरा छत बना लेते हैं जिससे नीचे धूप नहीं आती. इससे पूरे जंगल में एक रहस्यमयी और शांत वातावरण बना रहता है. यह उद्यान कई दुर्लभ प्रजातियों का घर है. यहां आप सेशेल्स के काले तोते को देख सकते हैं. यह तोता दुनिया का सबसे दुर्लभ तोता माना जाता है. यहां की हवा में एक अलग ही ताजगी है. यहां बने पगडंडियों पर टहलना किसी ध्यान करने जैसा अनुभव देता है. प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफरों के लिए यह जगह जन्नत है.

Photo- Instagram

विक्टोरिया: सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया दुनिया की सबसे छोटी राजधानियों में से एक है लेकिन यह अपनी संस्कृति और इतिहास से पर्यटकों को खूब आकर्षित करती है. यहां घूमने के लिए कई जगहें हैं. विक्टोरिया में बोटनिकल गार्डेन है जो प्रकृति के प्रेमियों के लिए अद्भुत है. यहां कई विशालकाय कछुओं को अपने पास घूमते हुए देख सकते हैं. यहां का मसालों का बगीचा और शांत वातावरण शहर की भागदौड़ से अलग एक सुकून देता है. यदि आप थोड़ा रोमांच चाहते हैं तो शहर के पास स्थित यह हाइकिंग ट्रेल जरूर आज़माएं. यह घने जंगल से होकर गुजरता है और ऊपर से पूरे विक्टोरिया और आसपास के समुद्र का 360-डिग्री नज़ारा दिखता है. यहां आपको मांसाहारी पिचर प्लांट्स भी देखने को मिल सकते हैं.

सेशेल्स का मौसम
सेशेल्स में मौसम साल भर सुहावना बना रहता है. हालांकि घूमने के लिए सबसे अच्छा समय मई से सितंबर के बीच माना जाता है. इस दौरान मौसम शुष्क रहता है और समुद्र तटों का आनंद लेने के लिए सभी परिस्थितियां आदर्श होती हैं. खास बात यह है कि मई से सितंबर तक भारत के अधिकांश जगहों का मौसम बहुत खराब रहता है क्योंकि भीषण गर्मी पड़ती है.

Photo- Instagram

सेशेल्स कैसे जाएं
भारत से सेशेल्स जाने के लिए मुंबई से इंडिगो की सीधा उड़ान है. 4 से पांच घंटे में सेशेल्स पहुंचा जा सकता है. यदि आप सेशेल्स जाना चाहते हैं तो 25 से 30 हजार रुपये फ्लाइट का किराया एक तरफ का है. यानी आपको 50 हजार रुपये सिर्फ फ्लाइट में लग जाएंगे. लेकिन घबराइए नहीं. इसके बाद वहां घूमने में बहुत कम खर्च है. वहां अगर आप 4 नाइट रहते हैं तो एक दिन का होटल का किराया 3 से 4 हजार होगा. अंगर सस्ता में रहना चाहते हैं तो गेस्टहाउस या होमस्टे चुनें. वहीं आप घूमने के लिए टैक्सी न करें क्योंकि इसका किराया ज्यादा है. इसकी जगह स्थानीय बसों का उपयोग करें, जिनका किराया बहुत कम है. अगर आप समूह में हैं तो छोटी कार रेंट पर लेना भी सस्ता पड़ता है. रेस्तरां में खाना बहुत महंगा हो सकता है. वहां के स्थानीय आउटलेट्स से खाना लेना बहुत किफायती होता है. साथ ही, सुपरमार्केट से अपना राशन लेना भी पैसे बचा सकता है. द्वीपों के बीच यात्रा के लिए फेरी का उपयोग करें. अगर आप बहुत ज्यादा द्वीप नहीं घूमना चाहते तो केवल माहे और प्रास्लिन तक सीमित रहें, इससे फेरी का बड़ा खर्च बचेगा. कुल मिलाकर देखा जाए तो अगर आप सिंगल सेशेल्स की यात्रा करते हैं तो एक से डेढ़ लाख रुपये तक 5 दिन का खर्चा होगा लेकिन सिंगल यात्रा तो शायद ही कोई करें. ऐसे में जितने ज्यादा लोग रहेंगे उतने कम खर्च होगा.

About the Author

authorimg

Lakshmi Narayan

18 साल से ज्यादा के लंबे करियर में लक्ष्मी नारायण ने डीडी न्यूज, आउटलुक, नई दुनिया, दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। समसामयिक विषयों के विभिन्न मुद्दों, राजनीति, समाज, …और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments