Homeटेक्नोलॉजीपंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: वैष्णो देवी वाली ट्रेन में हादसा; युवती...

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: वैष्णो देवी वाली ट्रेन में हादसा; युवती का कत्ल, सूटकेस में पैक किया; चिट्‌टे के लिए बच्चा बेचा; खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे – Chandigarh News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पिकअप-ट्राले की टक्कर से जुड़ी रही। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं 14 लोग घायल हो गए।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. वैष्णो देवी जा रही ट्रेन में हादसा, 2 हिस्सों में बंटी

लुधियाना रेलवे स्टेशन पर वैष्णो देवी जा रही 1200 यात्रियों से भरी ट्रेन में हादसा हो गया। यहां ट्रेन के स्लीपर कोच का टॉयलेट अचानक धमाके जैसी आवाज के साथ टूट गया। जिसके बाद यह कोच अपने साथ वाले डिब्बे से अलग हो गया। धमाके जैसी आवाज सुनते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई। वह डिब्बे से बाहर आ गए।

खुशकिस्मती की बात ये रही कि जिस वक्त हादसा हुआ, ट्रेन लुधियाना से चली ही थी। अगर हाईस्पीड के दौरान यह हादसा होता तो यात्रियों की जान को खतरा हो सकता था। न्यू दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल (04081) नाम की यह ट्रेन आज (शनिवार) तड़के ढाई बजे के बाद नई दिल्ली से वैष्णो देवी के लिए रवाना हुई। सुबह 8.47 बजे पर यह लुधियाना स्टेशन पर पहुंची।

पंजाब में ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के चलते वैसे ही कड़ी सुरक्षा है। इसके बीच ट्रेन के साथ हुए हादसे का पता चलते ही पुलिस तुरंत हाई अलर्ट पर आ गई। रेलवे के अफसर भी मौके पर पहुंच गए। जांच के बाद लुधियाना के ADCP समीर वर्मा ने कहा कि ट्रेन जब चलने लगी तो 2 कोच को जोड़ने वाला कपलर टूट गया। यह हादसा है, किसी तरह का ब्लास्ट नहीं हुआ है। (पूरी खबर पढ़ें)

2. हाईवे पर पिकअप-ट्राले की टक्कर, 8 की मौत, 14 घायल

27 31780721772 1780739103

फाजिल्का में फिरोजपुर हाईवे पर आज (6 जून) सुबह साढ़े 5 बजे पिकअप और ट्राले की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर घायलों को इलाज के लिए फरीदकोट रेफर किया गया है।

पिकअप में परिवार और रिश्तेदारों समेत करीब 25 से 30 लोग सवार थे। परिवार अपने मृतक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए डेरा ब्यास जा रहा था। लेकिन रास्ते में सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे ट्राले के साथ उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कल लगते ही पिकअप सवार लोग एक दूसरे पर गिरे, जबकि ऊपर बने टूल बॉक्स में बैठे 5 लोग उछलकर ट्राले का शीशा तोड़ते हुए उसके अंदर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। इसमें 13 साल की बच्ची भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए फिरोजपुर भेज दिए हैं। एसएसपी के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. मोगा में बनेगा पिछड़े वर्ग का मेयर, 8 निगमों में आरक्षण तय

comp 21 717347835501780730831 1780740468

मोगा में मेयर पद को बीसी के लिए आरक्षित रखा गया है जबकि अन्य 7 नगर निगमों में मेयर पदों पर किसी तरह का आरक्षण नहीं होगा। जल्दी ही इन निगमों में मेयर का चुनाव कर दिया जाएगा। खास बात है कि इस बार सरकार ने किसी भी निगम में महिलाओं के लिए मेयर पद आरक्षित नहीं रखा है।

सरकार ने डिवीजनल कमिश्नरों को हिदायत दी कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली नगर निगमों के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के चुनाव के लिए नियमों के मुताबिक बैठक आयोजित करें। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सबसे पहले चुनाव जीतकर आए नए सदस्यों (पार्षदों) को पद की शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण के बाद मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए उचित कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

आम आदमी पार्टी ने बरनाला में 36 सीटें, बठिंडा में 35 सीटें, बटाला में 30 सीटें, मोगा में 30 सीटें और मोहाली में 27 सीटें जीतीं। इन पांचों निगमों में पार्टी अपना मेयर बनाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

4. फायरिंग में युवक की मौत, SHO बोले- भीड़ ने गोली चलाई

10 31780716228 1780739283

जालंधर में अटेंप्ट टू मर्डर केस का आरोपी देर रात गोली लगने से मारा गया। मेहतपुर थाना पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए उसके घर पहुंची थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस के अनुसार भीड़ की तरफ से गोली चलाई गई, जिसके जवाब में पुलिस ने क्रॉस फायरिंग की। इस दौरान आरोपी को गोली लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि वह उस समय बाथरूम में था। पुलिस ने पीछे से गोलियां चलाईं। दो गोलियां उसकी जांघ के ऊपरी हिस्से में लगीं, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मेहतपुर निवासी लवप्रीत उर्फ लवी के रूप में हुई है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे

whatsappvideo2026 06 06at72645am ezgifcom resize17 1780740728

अमृतसर में ऑपरेशन ब्लू स्टार की 42वीं बरसी मनाई गई। श्री अकाल तख्त साहिब में धार्मिक समारोह आयोजित किए गए। सुबह भोग के बाद श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने सिख समुदाय के नाम संदेश जारी किया।

श्री अकाल तख्त साहिब में नतमस्तक होने आए लोगों को जरनैल सिंह भिंडरांवाला के पोस्टर दिए गए। इसके बाद लोगों ने हाथों में जरनैल सिंह भिंडरांवाला के पोस्टर लेकर खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए।

कुलदीप सिंह गड़गज ने हिमाचल प्रदेश में हाल के घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा वहां सिखों को उनकी दाढ़ी और पगड़ी के कारण भेदभाव का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पंजाब में देशभर के लोग स्वतंत्र रूप से रहते और काम करते हैं। उनके साथ ऐसा व्यवहार नहीं होता। सिख अब अपनी अलग पहचान के कारण “द्वितीय श्रेणी के नागरिक” जैसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेंगे। बरसी को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए। ऑपरेशन ब्लू स्टार जून 1984 में भारतीय सेना द्वारा चलाया गया एक विवादित सैन्य अभियान माना जाता है, जो 1 से 8 जून 1984 के बीच चला। (पढ़ें पूरी खबर)

6. मां के बॉयफ्रेंड ने की बेटी की हत्या, सूटकेस में पैक की लाश

chatgpt image jun 6 2026 015852 pm 1780738484

होशियारपुर के जंगल में सूटकेस से 14 वर्षीय लड़की का जला हुआ शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसकी मां के लिव-इन पार्टनर ने की थी। आरोपी का दावा है कि उसे लड़की का लड़कों से मिलना-जुलना पसंद नहीं था। वह जब उसे इस बात को लेकर रोकता-टोकता था तो लड़की उसकी मां के साथ उसके रिश्ते की बात सबको बताने की धमकी देती थी।

इसी से नाराज होकर आरोपी ने पहले गला घोंटकर हत्या की, फिर शव को सूटकेस में पैक कर खुरालगढ़ के जंगल में ले जाकर जला दिया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी और मृतका की मां पिछले दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. चिट्‌टे के लिए ₹5 लाख में बच्चा बेचा, इंस्टा पर लगाई नोटों की स्टोरी

comp 101 3 1780739730

जालंधर में चिट्‌टे के नशे के लिए एक व्यक्ति ने तलाकशुदा पत्नी का 16 दिन का बच्चा बेच दिया। यह बच्चा उसने 5 लाख रुपए में अमृतसर की किसी महिला को बेच दिया। बच्चा जब चुप नहीं हुआ तो उसी महिला ने उसे फोन कर कह दिया कि बच्चा नहीं संभल रहा, पैसे लौटाकर इसे ले जाओ।

वहीं बच्चा बेचने वाले पूर्व पति ने अपने इंस्टाग्राम पर नोटों की गडि्डयों की स्टोरी तक लगा दी। जैसे ही बच्चे की मां ने स्टोरी देखी तो उसने तुरंत उसे डिलीट कर दिया। इसके बाद आरोपी पूर्व पति ने बच्चे को बेचकर मिले पैसों से LED, कूलर और अन्य सामान भी खरीद लिया।

जब उसने आरोपी से बच्चे के बारे में पूछा तो उसने झूठ कहा कि बच्चा मर गया। हमने उसे दफना दिया। यही नहीं, उसे धमकी दी कि उसने नया पिस्टल खरीदा है, अगर कहीं शिकायत की तो देख लेना। मां ने कहा कि अभी सास ने भी बच्चे की शक्ल नहीं देखी थी। जब उसे बच्चा नहीं मिला तो मजबूर होकर उसने जालंधर के पुलिस कमिश्नर को शिकायत कर दी। कमिश्नर ने रामा मंडी के SHO को जांच के आदेश दिए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

8. युवक ब्यास नदी में डूबा, दोस्तों को बचाने के लिए छलांग लगाई

281780723678 1780739371

कुल्लू जिले के भुंतर में पंजाब का एक युवक ब्यास नदी में बह गया। युवक ने नदी में गिरे दो दोस्तों को बचाने के लिए छलांग लगाई। उसने दोनों को तो नदी से बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद पानी के तेज बहाव में बह गया। लापता युवक का आज (6 जून) सुबह शव बरामद कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, कपूरथला निवासी कातिया और सोनू नामक दो युवक कल शाम करीब 6:30 बजे ब्यास नदी में गिर गए। वहां मौजूद गौरव और सुमित पानी में डूबे दोनों लड़कों को बाहर निकालने के लिए नदी में कूद गए।

सुमित ने उन्हें तो बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद बाहर वहीं फंस गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने गौरव को भी बाहर निकाला। हालांकि, गौरव की हालत अभी नाजुक बनी हुई है और उसे प्राथमिक उपचार के बाद कुल्लू रेफर किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. लापता NRI की हत्या, घर की मरम्मत कराने आया था

whatsapp image 2026 06 06 at 122851 pm178073901617 1780743741

अमृतसर में लापता हुए प्रवासी भारतीय (NRI) की हत्या कर दी गई। उसकी पहचान सुनील शर्मा (66) के रूप में हुई है। वह ऑस्ट्रेलिया के नागरिक थे और अमृतसर में अपने पैतृक घर की देखरेख व डेंटिंग-पेंटिंग के काम के लिए आए थे।

अमृतसर आने के बाद वह 22 मई को लापता हो गए। अब पुलिस ने उनकी हत्या की पुष्टि की है। साथ ही हत्या के आरोप में मृतक के भाई को ही गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पता चला है कि संपत्ति विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया। NRI की बेटी सुरभि शर्मा ने बताया है कि उनके पिता सुनील शर्मा मैथ्य टीचर थे। भारत आने के बाद उसने अंतिम बार 22 मई को फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और उनसे कोई संपर्क नहीं हुआ।

सुरभि ने वीडियो जारी कर पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान से भावुक अपील की थी कि उनके पिता को जल्द से जल्द ढूंढा जाए। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। फिर इसे किडनैपिंग के केस में बदल दिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

10. कार में फंसा 1 साल का बच्चा, शीशा तोड़ा

ezgifcom optimize 431780724649 1 1780742516

मोहाली के खरड़ में एक साल का बच्चा खेल-खेल में कार के अंदर फंस गया। मासूम ने कार में खेलते वक्त बटन दबा दिया। इससे पूरी गाड़ी अंदर से लॉक हो गई। बाहर खड़े परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। बच्चे को कार के अंदर फंसा देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

परिजनों ने पहले खुद लॉक खोलने की कोशिश की, फिर आसपास के लोगों ने भी अलग-अलग तरीके अपनाए, लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार कार का शीशा तोड़ना पड़ा। इसके बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बताया जा रहा है कि कार में ऑटोमेटिक लॉक सिस्टम था। बच्चे ने खेलते-खेलते अंदर का बटन दबा दिया, जिससे गाड़ी लॉक हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला लोगों को सावधान करते हुए कह रही है कि बाजार या किसी भी सार्वजनिक जगह पर छोटे बच्चों को कार के अंदर अकेला छोड़ना भारी पड़ सकता है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments