राजधानी दिल्ली में गुरुवार देर रात अलग-अलग इलाकों में हुई तीन बड़ी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए है. संगम विहार में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि बवाना में जिम से घर लौट रहे 22 वर्षीय युवक पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. वहीं, अजमेरी गेट इलाके में एक मकान की रसोई में आग लगने से दो युवक झुलस गए. तीनों मामलों में पुलिस और अन्य एजेंसियां जांच में जुटी हैं.
संगम विहार में पत्नी की गोली मारकर हत्या
दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में देर रात घरेलू विवाद खूनी वारदात में बदल गया. पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान कविता के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि कविता और उसके पति शिवम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. झगड़े के दौरान शिवम ने कथित तौर पर पत्नी पर गोली चला दी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया.
दोनों की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी. पुलिस को घटनास्थल से तीन खाली कारतूस मिले हैं. मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी कविता को धमकियां देता था. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
बवाना में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग
वहीं उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके में भी गुरुवार रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई. पुलिस के अनुसार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि पूठ खुर्द गांव में एक युवक को गोली मार दी गई है.
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. उसकी पहचान 22 वर्षीय केशव पुत्र बालकृष्ण के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि केशव जिम से घर लौट रहा था, तभी दो अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.
केशव को दो गोलियां लगी हैं. घटनास्थल से पुलिस ने सात खाली खोखे बरामद किए हैं. हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ-साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है.
अजमेरी गेट में आग से झुलसे दो युवक
उधर, पुरानी दिल्ली के अजमेरी गेट इलाके में देर रात एक मकान की रसोई में आग लगने से दो युवक झुलस गए. दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार रात 11:25 बजे मोहल्ला नियारियां स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया.
हालांकि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और पीसीआर की मदद से दोनों घायलों को लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल पहुंचा दिया गया था.
घायलों की पहचान 14 वर्षीय वारिस और 18 वर्षीय फरीद के रूप में हुई है. डॉक्टरों के मुताबिक वारिस करीब 35 प्रतिशत और फरीद लगभग 20 प्रतिशत तक झुलस गया है. प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह रसोई में हादसा बताया जा रहा है. दमकल विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं.
राजधानी में एक ही रात के भीतर हत्या, फायरिंग और आग की इन तीन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस तीनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के साथ घटनाओं के कारणों का पता लगाने में जुटी है.



