.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पंजाब बंद से जुड़ी रही। बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज ने प्रदर्शन किया, जिसके चलते 12 जिलों में बाजार बंद रहे। इस दौरान अमृतसर में पुलिसकर्मी की मौत हो गई।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. प्रदर्शन में पुलिसकर्मी की मौत, 12 जिलों में बाजार बंद
बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज ने प्रदर्शन किया। इसके समर्थन में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लुधियाना, बठिंडा, होशियारपुर, फाजिल्का, कपूरथला, अमृतसर, पटियाला, पठानकोट, मोगा, रूपनगर, फरीदकोट और गुरदासपुर में बाजार बंद रहे।
बंद के दौरान अमृतसर में भंडारी पुल पर तैनात एंटी राइट पुलिस (ARP) के जवान रणबीर सिंह की मौत हो गई। वह इमरजेंसी कॉल पर घर जा रहे थे। इसी दौरान भंडारी पुल पर लगाई रस्सी में उनका गला फंस गया और वह स्कूटी से गिर गए। रस्सी से गला घुटने से उनकी मौत हो गई।
भंडारी पुल को प्रदर्शनकारियों ने जाम कर दिया गया है। पठानकोट में सफाईकर्मियों ने निगम दफ्तर पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। यहां रैली निकालकर दुकानों को जबरन बंद करवाया गया। वहीं होशियारपुर में मिनी सचिवालय को बंद करवाया गया। प्रदर्शनकारियों ने बरनाला के DSP के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, सड़क धंसने से कार पलटी

पंजाब-चंडीगढ़ में अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट है। 4 अगस्त तक इससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं हैं। गुरुवार को लुधियाना में जबरदस्त बारिश हुई। इस दौरान कोट मंगल सिंह नगर इलाके में ड्यूटी पर जा रहा बुजुर्ग साइकिल समेत खुले सीवरेज में जा गिरा।
बुजुर्ग के मुताबिक गटर में लोहे के सरिए लगे थे, जिस वक्त वह गिरा तो कुछ समझ नहीं आया, लेकिन उसने अपने पैर सरिए में फंसा लिए। जिसके बाद उन्हीं पर पैर रखकर वह बाहर की तरफ निकला और मदद मांगी। जिसके बाद लोगों ने बाहर निकाला। उसे हल्की चोटें लगी हैं।
वहीं तेज बारिश के बीच गुरदेव नगर में अचानक सड़क धंस गई। इससे कार पलट गई। यह कार फैक्ट्री मालिक शिवम गुप्ता की थी, जिसे ड्राइवर चला रहा था। ड्राइवर ने बताया कि वह कार लेकर गुरदेव नगर में हीरो बेकरी की बैकसाइड वाली गली से जा रहा था। इसी दौरान कार एक साइड से दब रही थी। इस बारे में बाहर से गुजर रहे व्यक्ति ने उसे बताया। जब वह देखने के लिए बाहर निकला तो अचानक कार धंसी सड़क में पलट गई। (पढ़ें पूरी खबर)
3. सांसद अमृतपाल के 3000 समर्थकों पर FIR दर्ज

पंजाब के खडूर साहिब से खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह के समर्थक विधायक मनप्रीत सिंह अयाली समेत 15 नामजद के अलावा 2500 से 3000 प्रदर्शनकारियों पर FIR दर्ज की गई। इन पर BNS की धारा 121(1), 132 और 223 लगाई गई है। शिकायत सेक्टर-49 थाना के सब इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने दर्ज कराई है।
कल (29 जुलाई) सांसद अमृतपाल सिंह और बंदी सिखों की रिहाई को लेकर निकले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के समर्थक मुख्यमंत्री भगवंत मान की चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित सरकारी कोठी के 1Km नजदीक तक पहुंच गए थे। उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी। यहां तक कि वाटर कैनन पर भी कब्जा कर लिया। इस दौरान पुलिसवाले भी पिटे।
यह प्रदर्शन पहले से घोषित था, ऐसे में सवाल उठ रहा है कि चंडीगढ़ पुलिस इस पूरे मामले में कैसे चूक गई। वह न तो प्रदर्शनकारियों को बॉर्डर पर रोक पाई और न ही सीएम के घर के करीब पहुंचने तक रोक सकी। इस बारे में पंजाब के पूर्व डीजीपी एपी पांडे ने कहा- यह चंडीगढ़ और मोहाली पुलिस के बीच तालमेल और ग्राउंड इंटेलिजेंस की कमी है। बड़े प्रदर्शन को संभालने की सबसे मजबूत तैयारी होनी चाहिए थी। (पढ़ें पूरी खबर)
4. CM भगवंत मान को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस

पंजाब के सीएम भगवंत मान को सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। यह मामला साल 2020 में बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन हिंसक हो गया था, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हुए थे। जिसके बाद दंगा, गैरकानूनी जमावड़ा और अन्य धाराओं में FIR दर्ज की गई थी।
हालांकि बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने FIR रद्द कर दी थी। हाईकोर्ट के इस फैसले को चुनौती देते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई। जिस पर CJI सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहन की बेंच ने सुनवाई करते हुए प्रतिवादियों से जवाब मांगा।
चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) एसवी राजू ने दलील दी कि हाईकोर्ट ने FIR रद्द कर आपराधिक कार्यवाही खत्म करने में गलती की, जबकि मामले में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया अपराध का संकेत देते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
5. सांसद घुबाया बोले- प्रधान वड़िंग इस्तीफा दें

पंजाब में करीब 7 महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में गुटबाजी थम नहीं रही है। फिरोजपुर से सांसद शेर सिंह घुबाया ने कहा कि राजा वड़िंग सही काम नहीं कर रहे हैं। उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। पंजाब के लोग वड़िंग से नाराज हैं।
उनका कहना है कि राजा वड़िंग ने कहा कि नए लोगों को टिकट देना है। जिसकी वजह से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि पार्टी से ऊपर कोई नहीं है। वड़िंग ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ नहीं कहा। वहीं कांग्रेस नेता कुलदीप सिंह वैद का कहना है कि घुबाया अपने पद से इस्तीफा दे दें। प्रधान का इस्तीफा मांगना अनुशासनहीनता है।
वहीं, कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इसको लेकर कल दिल्ली में एक सीक्रेट मीटिंग हुई। जिसमें प्रधान राजा वड़िंग, पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी और सांसद सुखजिंदर रंधावा मौजूद थे। यह मीटिंग कांग्रेस हाईकमान के कलह खत्म करने के लिए नियुक्त किए डिजाइनबॉक्स्ड कंपनी के नरेश अरोड़ा ने कराई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
6. निहंग ने सिख दंपती को मस्जिद जाने से रोका

पंजाब के अमृतसर में निहंग ने मौलवी के पास जाते सिख को रोक लिया। निहंग भूपिंदर सिंह बग्गा ने कहा- सिख होते हुए कई लोग मुसलमानों की मस्जिदों में जा रहे हैं। ऐसे लोग सिख नहीं हैं और न ही सिर पर पगड़ी बांधने के हकदार।
निहंग के रोकने के बावजूद सिख छिपकर मस्जिद पर चला गया। निहंग ने उस पर नजर रखी और लौटते हुए उसे फिर रोक लिया। निहंग ने वीडियो बनाते हुए उससे पूछा तो उसने बताया कि उसकी भैंस के गर्भाश्य में गांठ पड़ गई थी जिससे मौलवी के पास गया था।
निहंग भूपिंदर सिंह ने मौलवी को कॉल लगा ली और धमकी दी कि एक हफ्ते के अंदर गांव को खाली कर यहां से चला जाए। निहंग ने कहा कि वह इस मस्जिद में जाने वाले व्यक्ति, उसके गांव के यहां जाने वाले लोगों और मौलवी के खिलाफ अब प्रदर्शन भी करेगा और पंचायत बुलवाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)
7. बेअदबी कानून पर जत्थेदार बोले- सहमति के मुताबिक नहीं बदला ड्राफ्ट

श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने बेअदबी कानून को लेकर पंजाब सरकार की ओर से भेजे गए संशोधित ड्राफ्ट पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पंथ गुरु साहिब के हुक्म के अनुसार चलता है और गुरु पंथ की सहमति के बिना कोई भी कानून स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में पंजाब सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई। गड़गज ने कहा कि दुनिया भर में गुरबाणी को मानने वाले सिख हैं, इसलिए ऐसा कानून मंजूर नहीं होगा, जिसे गुरु पंथ की मंजूरी न मिली हो।
जत्थेदार गड़गज ने कहा कि सरकार को 28 जुलाई तक संशोधित मसौदा भेजने का समय दिया गया था, लेकिन तय तारीख तक कोई पत्र नहीं मिला। बाद में 29 जुलाई को सरकार ने संशोधित ड्राफ्ट भेजा। उन्होंने कहा कि मसौदे का अध्ययन करने पर पता चला कि जिन प्रमुख आपत्तियों को दूर करने और जरूरी बदलाव करने पर सहमति बनी थी, उनमें अपेक्षित संशोधन नहीं किए गए हैं।(पढ़ें पूरी खबर)
8. जिम ट्रेनर ने युवती से की अश्लील हरकतें

चंडीगढ़ में युवती से जिम ट्रेनर ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने करीब दो महीने पहले अपनी बड़ी बहन के साथ जिम जाना शुरू किया था। दोनों रोजाना की तरह बुधवार शाम भी जिम करने के लिए जिम पहुंची थीं।
शिकायत के अनुसार, उस समय जिम ट्रेनर दीपक ने पहले बड़ी बहन को ऊपर वाले फ्लोर पर साइकिल एक्सरसाइज करने के लिए भेज दिया। इसके बाद उसने छोटी बहन से कहा कि वह नीचे स्ट्रेचिंग करेगी।
आरोप है कि स्ट्रेचिंग कराने के बहाने ट्रेनर युवती को जिम के उस हिस्से में ले गया, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। वहां उसने बिना युवती की सहमति के उसके साथ अश्लील हरकत की। आरोपी ने पहले उसके शरीर को गलत तरीके से छुआ और फिर उसके सीने पर भी हाथ लगाया। (पढ़ें पूरी खबर)
9. फाइव स्टार होटल में निकाह न होने से NRI दूल्हा नाराज

कनाडा में बसाने का भरोसा देकर की गई शादी के बाद एक युवती ने अपने NIR पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर कनाडा में रहने वाले आमिर के खिलाफ मोहाली में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, नगमा का निकाह फरवरी 2024 में मोहाली में मुस्लिम रीति-रिवाजों से हुआ था। निकाह के अगले दिन शादी का रजिस्ट्रेशन भी कराया गया। शादी से पहले आमिर और उसके परिवार ने भरोसा दिलाया था कि वह कनाडा में सेटल है और निकाह के कुछ ही हफ्तों में नगमा को भी कनाडा बुला लेगा।
आरोप है कि शादी के बाद आमिर और उसके परिवार का व्यवहार बदल गया। उन्होंने फाइव स्टार होटल में शादी न करने, लग्जरी कार न देने और शादी पर एक करोड़ रुपये खर्च न करने को लेकर ताने देने शुरू कर दिए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया और नगमा के साथ नौकरानी जैसा व्यवहार किया जाने लगा। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके…
10. पत्नी के बर्थडे पर सड़क बनी सेलिब्रेशन स्पॉट

लुधियाना में पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए कुछ युवकों ने ऐसा जश्न मनाया कि सड़क ही सेलिब्रेशन स्पॉट बन गई। पहले साउथ सिटी रोड पर खुलेआम पटाखे फोड़े गए। वीडियो में युवक यह कहते हुए सुनाई देता है कि पुलिस ने उन्हें सड़क पर पटाखे चलाने से मना किया था। पुलिस के जाने के बाद वह अपने साथियों से कहता है, “आगे जाकर पटाखे चला लेते हैं।” इसके बावजूद युवकों पर पुलिस की चेतावनी का कोई असर नजर नहीं आया।
इसके बाद युवक फिरोजपुर रोड फ्लाईओवर पर पहुंचे, जहां ट्रैफिक के बीच 60 शॉट वाले पटाखे चलाए गए। व्यस्त फ्लाईओवर पर इस तरह आतिशबाजी से बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन जश्न मना रहे युवकों ने इसकी परवाह नहीं की। जानकारी के अनुसार, पूरा घटनाक्रम पत्नी का जन्मदिन मनाने के दौरान हुआ।
मामला तब सामने आया, जब गुरलाल सिंह नाम की सोशल मीडिया आईडी से इस हुड़दंग का वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह बीच सड़क और फ्लाईओवर पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए आतिशबाजी की गई। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



