पटना के बख्तियारपुर में एक युवक की शनिवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। दूसरी ओर, पटना साइंस कॉलेज में हॉस्टल छात्रों के बीच पीने के पानी को लेकर जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक स्टूडेंट का सिर फट गया। इससे पहले, कंकड़बाग थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर्स को अपराधी ने गोली मार दी। घायल का इलाज जारी है।
Patna News Today: बिहार के पटना जिले के बख्तियारपुर में शनिवार 15 अगस्त को सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात सालिमपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में हुई। पैसे के लेनदेन में अपराधियों द्वारा घर से बुलाकर युवक की हत्या की बात सामने आई है, पुलिस अन्य एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान आकाश कुमार उर्फ वीरू के रूप में हुई है। वह खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर का रहने वाला था। घटना के पीछे पैसे के लेनदेन का विवाद बताया जाता है। वीरू को शाहपुर बुलाकर ले जाया गया था। सालिमपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ भेज दिया है।
मुखिया प्रतिनिधि पर हत्या का आरोप
परिजनों ने हत्या का आरोप बख्तियारपुर प्रखंड की मंझौली पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जुल्मी यादव एवं उनके भगिनों पर लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के अन्य कारणों पर भी जांच पड़ताल की जा रही है। इस वारदात के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। हत्या के सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।
पटना साइंस कॉलेज के हॉस्टल छात्रों में चले लात-घूंसे
दूसरी ओर, पटना साइंस कॉलेज के हॉस्टल छात्रों के बीच दोपहर में पीने के पानी को लेकर विवाद हो गया। नाश्ता करने के दौरान पीने के पानी को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। छात्रों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। मारपीट में एक छात्र का सिर फट गया।
घटना की सूचना मिलने पर पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट करने वाले 8 छात्रों को हिरासत में ले लिया। पुलिस सभी छात्रों को थाने लेकर गई। बाद में पीड़ित पक्ष ने केस करने से मना कर दिया।
फिर पुलिस ने हिरासत में लिए सभी छात्रों को पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया। थानेदार राजकुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में किसी तरह की एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
अलंकार ज्वेलर्स के मालिक पर फायरिंग
वहीं, बीती देर रात पटना के कंकड़बाग थाना इलाके में एक बदमाश ने अलंकार ज्वेलर्स के मालिक दीपक कुमार पर फायरिंग कर दी। पेट में एक गोली लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनकी हालत स्थिर बनी हई है।
बदमाश दुकान के पिछला दरवाजा से अंदर आया था। घटना के बाद अपराधी अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। किस उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया गया फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराधी की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



