बारामूला3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला शनिवार को बारामूला में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को एक बार फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सरकार हमारी मदद नहीं कर सकती। हमारे पड़ोसी को देखिए वह हर जगह कश्मीर का मुद्दा उठा रहा है। वह हमें बचा रहा है, वरना हमारी सरकार की नीयत ठीक नहीं है।
बारामूला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फारूक ने कहा- केंद्र सरकार बड़े-बड़े दावे करती हैं और बातचीत की बातें करते हैं, लेकिन दिल्ली से आप क्या उम्मीद कर सकते हैं। उनका सामना कीजिए। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे, तो हमारी पहचान मिट जाएगी।
अब्दुल्ला ने कहा- जुल्म के खिलाफ एकजुट हों, 4 बड़ी बातें
- सम्मान पाने के लिए पैरों पर खड़ा होना होगा: जब तक आप अपने पैरों पर खड़े नहीं होते, तब तक आपको कभी सम्मान नहीं मिलेगा, मेरी यह बात याद रखना। अगर आप अपने पैरों पर खड़े होना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने रब को याद करें और उनके दिखाए रास्ते पर चलें।
- एकजुट होंगे तभी बच पाएंगे: बहुत से लोग आए और चले गए। हमने राजनीति में ऐसे बड़े-बड़े दिग्गजों को देखा है जिन्होंने हम पर जुल्म किए। याद रखें, जब तक आप एकजुट नहीं होंगे, तब तक आप कुछ भी हासिल नहीं कर पाएंगे।
- हमारे बच्चे इतिहास को नहीं जानते: आज हमारे बच्चे मोबाइल लेकर घूम रहे हैं लेकिन मां-बाप को पता नहीं कि वह क्या कर रहे हैं। जम्मू में नेशनल-कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस और भाजपा जबकि कश्मीर में कितनी पार्टियां खड़ी की गईं? हर घर में पार्टी खड़ी की गई। बस पैसा आता है और वह अपना ईमान बेचने के लिए तैयार हैं।
- भाजपा शासित राज्यों में बुलडोजर चल रहा: भारत के बाकी हिस्सों में जहां भाजपा की सरकार है, क्या आप देख रहे हैं कि कैसे लोगों की बस्तियां उजाड़ी जा रही हैं, उनके घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं और उनकी दुकानें तोड़ी जा रही हैं? क्या आपसे कुछ छिपा है।
भाजपा बोली- अब्दुल्ला के भीतर का पाकिस्तान प्रेम जाग जाता है
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा, फारूक अब्दुल्ला के भीतर का पाकिस्तान समय-समय पर जाग जाता है। जब उनके अंदर का पाकिस्तान सामने आता है, तो वे इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान देते हैं। ऐसे बेतुके बयान देने से पहले फारूक अब्दुल्ला को सोचना चाहिए।”
विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नेता विनोद बंसल ने कहा, कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा। ये भारत में रहते हैं और पाकिस्तान की तारीफ करते हैं। क्या पाकिस्तान की वजह से कश्मीर सुरक्षित है या भारत की ताकत के दम पर पाकिस्तान को दिखाने से कश्मीर सुरक्षित है? अगर उनका यह बयान है, तो इससे बड़ा देशद्रोह कोई नहीं है।
पिछले 5 साल में फारूक के चर्चित बयान
अक्टूबर 2021: पाकिस्तान से बातचीत के बिना कश्मीर में शांति संभव नहीं
फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि जब तक पाकिस्तान को बातचीत में शामिल नहीं किया जाएगा, जम्मू-कश्मीर में शांति नहीं आ सकती। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने के केंद्र सरकार के फैसले की भी आलोचना की थी।
जुलाई 2022: आतंकवाद खत्म करने के लिए पाकिस्तान से बातचीत जरूरी
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद तब तक खत्म नहीं होगा, जब तक सरकार लोगों का विश्वास जीतने और पड़ोसी देश पाकिस्तान से बातचीत करने की कोशिश नहीं करेगी।
अगस्त 2023: भारत-पाकिस्तान ईमानदारी से बातचीत करें
अब्दुल्ला ने कहा था कि कश्मीर मुद्दे पर दोनों देशों के बीच ईमानदार बातचीत के बिना समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने सीमा पर्यटन और रैलियों को इस मुद्दे का स्थायी समाधान मानने पर सवाल उठाए थे।
मई 2024: पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखीं, उनके पास परमाणु बम
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के PoK को लेकर दिए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखीं, उसके पास परमाणु बम भी हैं और दुर्भाग्य से उनका असर भारत पर भी पड़ सकता है।
मई 2025: भारत-पाकिस्तान के बीच पानी रोक सकते हैं, लेकिन लोगों को मारेंगे नहीं
सिंधु जल संधि को स्थगित करने के भारत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए अब्दुल्ला ने कहा था कि भारत पानी रोकने की चेतावनी दे सकता है, लेकिन पाकिस्तान के लोगों को मारना नहीं चाहता।
————————————–
ये खबर भी पढ़ें…
राजनाथ बोले-आतंकवाद को पनाह दी तो बातचीत की गुंजाइश खत्म: भारत शांति चाहता है
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर पड़ोसी देश आतंकवाद को अपनी राज्य नीति के तौर पर जारी रखता है, तो भारत उससे बातचीत जारी नहीं रख सकता। देश आतंकवाद के खिलाफ हर तरह की कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। पूरी खबर पढ़ें…
