Last Updated:
पश्चिम बंगाल के बागुईहाटी से एक 13 साल की स्कूली छात्रा के साथ गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है. आरोप है कि दोस्त से मिलने निकली नाबालिग को अगवा कर हुगली के एक होटल में ले जाया गया, जहां नशीला पदार्थ देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. आरोपियों ने वारदात का वीडियो बनाकर परिवार को भेजा और फिरौती की मांग के साथ पुलिस में शिकायत न करने की धमकी दी. पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण, गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पश्चिम बंगाल के बागुईहाटी इलाके में 13 वर्षीय छात्रा से साथ हैवानियत का मामला सामने आया है. (Image: AI)
Crime News: पश्चिम बंगाल में एक 13 साल की स्कूली छात्रा के साथ दरिंदगी और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि नाबालिग को अगवा कर हुगली जिले के बांदेल स्थित एक होटल में ले जाया गया. वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर कई लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे शारीरिक यातनाएं दीं. आरोपियों ने इस पूरी वारदात का वीडियो भी बनाया. बाद में इसी वीडियो को पीड़िता के परिवार को भेजकर फिरौती मांगी गई. पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर कोलकाता के बागुईहाटी पुलिस स्टेशन ने अपनी जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बागुईहाटी इलाके में रहने वाली 13 साल की छात्रा 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे घर से निकली थी. उसे उत्तर 24 परगना जिले के बिराती में अपनी एक दोस्त से मिलना था. आरोप है कि बिराती से ही बच्ची को अगवा कर लिया गया और हुगली जिले के बांदेल स्थित एक होटल में ले जाया गया. वहां उसे नशीले पदार्थ वाली कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए मजबूर किया गया. इसके बाद कई लोगों ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया.
मां ने फोन किया तो बताई दूसरी जगह
जब बच्ची शाम तक घर नहीं लौटी, तो उसकी मां को चिंता होने लगी. रात करीब 8:30 बजे मां ने बेटी को फोन किया तो उसने बताया कि वह बैरकपुर में एक दोस्त के साथ है और रात 11 बजे तक घर लौट आएगी. हालांकि, इसके बाद जब मां ने दोबारा फोन किया, तो बेटी ने जवाब नहीं दिया. इसी रात मां के पास एक अनजान नंबर से फोन आया. फोन करने वाले शख्स ने कहा कि उसे बच्ची सड़क पर रोती हुई मिली थी. वह उसे अपने घर ले आया है. यह बताने के बाद उसने फोन काट दिया.
मैसेज के बाद दूसरे शख्स का आया फोन
रविवार रात 12:06 बजे बच्ची ने अपनी मां को मैसेज भेजा. इसमें उसने बताया कि वह खतरे में है और एक दोस्त उसे ‘रिक’ नाम के शख्स के घर ले गया है. इसके कुछ देर बाद देबजीत सरकार नाम के एक अन्य व्यक्ति ने बच्ची की मां को फोन किया. उसने भरोसा दिलाया कि उनकी बेटी सुरक्षित है और उसे कार से घर पहुंचा दिया जाएगा. रविवार सुबह करीब 10:30 बजे बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची. वह बेहद परेशान हालत में थी. घर पहुंचने के बाद बच्ची ने अपनी साथ दरिंदगी के बारे में परिजनों को बताया.
वीडियो भेजकर ब्लैकमेलिंग और फिरौती की मांग
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब आरोपियों ने वारदात का वीडियो पीड़िता के परिवार को भेज दिया. आरोप है कि वीडियो के जरिए परिवार को ब्लैकमेल किया गया और फिरौती मांगी गई. परिवार को कानूनी कार्रवाई नहीं करने की धमकी भी दी गई. इसके बाद बच्ची की मां ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया. अपनी शिकायत में मां ने कई लोगों को आरोपी बनाया है. इनमें बच्ची की एक सहेली का नाम भी शामिल है. वहीं, पुलिस ने पीडि़ता की मां की शिकायत पर अपहरण, गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है.