Last Updated:
Alwar Blue Drum Case : अलवर में पति-पत्नी के विवाद का अजीब मामला सामने आया है. पति अभिषेक कुमार ने पत्नी शैली पर फोन पर काटकर नीले ड्रम में डालने और गला दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. लगातार विवाद और धमकियों से परेशान होकर अभिषेक ने कोर्ट में पत्नी शैली सहित उसके परिवार के 7 लोगों के खिलाफ इस्तगासा पेश किया. अभिषेक कुमार के अनुसार, उसका रिश्ता दिल्ली निवासी शैली के साथ 2 अक्टूबर 2024 को तय हुआ था.
अलवर में पत्नी ने दी पति को काटकर नीले ड्रम में डालने की धमकी.
अलवर. राजस्थान के अलवर में पति-पत्नी के विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी ने फोन पर उसे काटकर नीले ड्रम में डालने की धमकी दी. इतना ही नहीं, पत्नी ने यह भी कहा कि उसके चाचा की बड़े लोगों से जान-पहचान है और वे सब संभाल लेंगे. पति का आरोप है कि पत्नी ने सोते समय उसका गला दबाने की कोशिश भी की थी. परेशान होकर पति ने पत्नी और उसके परिवार के 7 लोगों के खिलाफ कोर्ट में इस्तगासा पेश किया. कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, चोरी और धमकी देने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है.
10 लाख रुपये देकर तय हुआ था रिश्ता
अभिषेक कुमार के अनुसार, उसका रिश्ता दिल्ली निवासी शैली के साथ 2 अक्टूबर 2024 को तय हुआ था. आरोप है कि शादी के लिए लड़की पक्ष को 10 लाख रुपये देना तय हुआ था. इसमें 6 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि 4 लाख रुपये बैंक खाते में जमा कराए गए थे. इसके बाद 2 फरवरी 2025 को अभिषेक और शैली की शादी हो गई. पति का कहना है कि शादी के शुरुआती 20 से 25 दिन तक सब कुछ सामान्य रहा. दोनों के बीच कोई बड़ी परेशानी नहीं थी, लेकिन कुछ समय बाद घर का माहौल बदलने लगा.
मकान बेचकर दिल्ली चलने का बनाने लगी दबाव
अभिषेक ने आरोप लगाया कि शादी के करीब 20-25 दिन बाद पत्नी शैली दिल्ली में रहने की जिद करने लगी. वह चाहती थी कि पति अपना मकान बेचकर उसके साथ दिल्ली में रहे. अभिषेक ने मकान बेचने और दिल्ली जाने से मना कर दिया. इसके बाद दोनों के बीच आए दिन विवाद होने लगा. पति का आरोप है कि पत्नी और उसके परिवार के लोग भी उस पर दिल्ली में रहने के लिए दबाव बना रहे थे. इसी बात को लेकर घर में तनाव बढ़ता चला गया.
फोन पर नीले ड्रम में डालने की धमकी देने का आरोप
अभिषेक ने अपनी शिकायत में पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि शैली ने फोन पर उसे धमकाते हुए कहा कि वह उसे काटकर नीले ड्रम में डाल देगी. साथ ही यह भी कहा कि उसके चाचा की बड़े लोगों से जान-पहचान है और वे इस मामले को संभाल लेंगे. पति ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी ने एक बार सोते समय उसका गला दबाने की कोशिश की. इन घटनाओं के बाद उसे अपनी सुरक्षा को लेकर डर सताने लगा.
ससुराल वापस भेजने के लिए 30 हजार रुपये देने का आरोप
परिवादी ने शिकायत में यह आरोप भी लगाया है कि पत्नी को ससुराल वापस भेजने के लिए 30 हजार रुपये देने पड़े. हालांकि, इस रकम को लेकर पूरा घटनाक्रम और इसके पीछे की वजह पुलिस जांच का विषय है.
पत्नी और परिवार के 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
लगातार विवाद और धमकियों से परेशान होकर अभिषेक ने कोर्ट में पत्नी शैली सहित उसके परिवार के 7 लोगों के खिलाफ इस्तगासा पेश किया. इसके बाद पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी, चोरी और धमकी देने से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया है.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…