Last Updated:
FBI Wanted Arrested: जालंधर में FBI के वांटेड मंजीत सिंह बेदी की गिरफ्तारी के बाद अब एक नया सवाल खड़ा हो गया है. अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी और दोषसिद्धि तक पहुंचाने वाली जानकारी के लिए 1.50 लाख डॉलर यानी करीब 1.40 करोड़ रुपए तक का इनाम घोषित किया था. अब चर्चा है कि यह रकम पंजाब पुलिस को मिलेगी या किसी मुखबिर को? बेदी पर अमेरिका में करीब 6 लाख डॉलर के SNAP फ्रॉड का आरोप है. वह अप्रैल में अमेरिका से निकलकर कनाडा के रास्ते भारत आया था. पंजाब पुलिस ने उसे स्थानीय जांच के दौरान पकड़ा. लेकिन इनाम का अंतिम फैसला अमेरिकी अधिकारियों की प्रक्रिया के बाद ही होगा.
मंजीत सिंह बेदी की जालंधर में गिरफ्तारी के बाद सवाल है कि FBI का 1.40 करोड़ रुपए तक का इनाम किसे मिलेगा? (फोटो FBI)
जालंधर की एक सामान्य सी गली. आसपास रोज की तरह आवाजाही. तभी पुलिस पहुंचती है और 65 साल के एक शख्स को गिरफ्तार कर लेती है. नाम है मंजीत सिंह बेदी. पहली नजर में यह एक स्थानीय गिरफ्तारी जैसी लग सकती है. लेकिन कहानी खुलती है तो मामला अमेरिका तक पहुंच जाता है. पता चलता है कि जिस शख्स को जालंधर पुलिस ने पकड़ा है, उसके खिलाफ अमेरिका की फेडरल जांच एजेंसी FBI कार्रवाई कर रही थी. वह अमेरिकी सरकारी लाभ योजना से जुड़े करीब 6 लाख डॉलर के कथित घोटाले का आरोपी है. मामला सामने आने के बाद वह अमेरिका से निकल गया था. कनाडा के रास्ते भारत पहुंचा. इसके बाद FBI ने उसकी तलाश तेज कर दी. उसकी गिरफ्तारी और दोषसिद्धि तक पहुंचाने वाली जानकारी के लिए 1.50 लाख डॉलर यानी करीब 1.40 करोड़ रुपए तक के इनाम की घोषणा की गई थी. अब गिरफ्तारी हो चुकी है तो एक नया सवाल खड़ा हो गया है. इस इनाम का क्या होगा?
यही सवाल इस समय सबसे ज्यादा चर्चा में है. क्या पंजाब पुलिस को 1.40 करोड़ रुपए मिलेंगे? क्या किसी मुखबिर को इसका हिस्सा मिलेगा? या फिर इनाम का फैसला पूरी तरह अमेरिकी एजेंसियां करेंगी? यहां कहानी थोड़ी पेचीदा है. FBI का इनाम सिर्फ किसी आरोपी को पकड़ लेने के लिए अपने आप नहीं मिल जाता. आम तौर पर इनाम की शर्तें यह देखती हैं कि किसकी दी गई जानकारी या किस कार्रवाई से गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई संभव हुई. इस मामले में अगर पंजाब पुलिस ने अपने स्तर पर बेदी को खोज निकाला है तो यह अलग स्थिति होगी. अगर किसी व्यक्ति ने उसकी लोकेशन या पहचान से जुड़ी ऐसी जानकारी दी थी, जिससे गिरफ्तारी संभव हुई, तो मामला अलग हो सकता है. इसलिए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि 1.40 करोड़ का पूरा इनाम पंजाब पुलिस को ही मिलेगा. असली जवाब अमेरिकी अधिकारियों की प्रक्रिया और वेरिफिकेशन के बाद सामने आएगा.
The #FBI has added Manjit Singh Bedi to its Most Wanted Fraudsters List. He is #wanted for his alleged involvement in a benefits fraud scheme that defrauded the United States Government out of at least $600,000 between March of 2024 and June of 2025 in Tacoma, Washington. A… pic.twitter.com/oGJNdkz9E8



