Homeव्यवसायGold-Silver: सरकार ने सोना-चांदी के गैरजरूरी आयात पर कसी नकेल, विदेशी मुद्रा...

Gold-Silver: सरकार ने सोना-चांदी के गैरजरूरी आयात पर कसी नकेल, विदेशी मुद्रा बचाने के लिए उठाया बड़ा कदम


सरकार ने बुधवार को सोने और चांदी पर आयात शुल्क छह फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया है। यह कदम पश्चिम एशिया संकट के कारण बढ़ते आयात बिल को नियंत्रित करने और कीमती धातुओं के गैर-जरूरी आयात को रोकने के लिए उठाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में सोने की खरीद पर संयम बरतने और विदेशी मुद्रा बचाने के लिए अन्य किफायती उपायों की अपील की। इसके बाद वित्त मंत्रालय ने यह अधिसूचना जारी की। इसमें सामाजिक कल्याण अधिभार और कृषि अवसंरचना एवं विकास उपकर में बदलाव किया गया है, जो 13 मई से लागू हो गया।

 

इस फैसले के बाद सोने पर कुल आयात शुल्क बढ़कर 15 फीसदी हो गया है। भारत का सोने का आयात 2025-26 में 24 फीसदी से अधिक बढ़कर 71.98 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। हालांकि, मात्रा के हिसाब से इसमें 4.76 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 721.03 टन रहा।

सोने की कीमतें भी बढ़ी हैं और वित्त वर्ष 2025 में 76,617 डॉलर प्रति किलो से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 99,825 डॉलर प्रति किलो हो गई हैं।

दिल्ली में कल सोने की कीमत क्या रही?

राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को सोने की कीमत 1,500 रुपये बढ़कर 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। जबकि चांदी 12,000 रुपये बढ़कर 2,77,000 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत में गिरावट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत एक फीसदी गिरकर 4,692.64 डॉलर प्रति औंस हो गई और चांदी भी 3.04 फीसदी गिरकर 83.49 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

सरकार ने 2024-25 के बजट में घटाया था सोने पर आयात शुल्क

सरकार ने 2024-25 के बजट में सोने पर आयात शुल्क घटाकर छह प्रतिशत किया था, ताकि ज्वेलरी उद्योग को बढ़ावा मिले, तस्करी कम हो और घरेलू कीमतें नियंत्रित रहें। इससे पहले 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भी सोने पर शुल्क बढ़ाकर 15 फीसदी किया गया था, ताकि चालू खाता घाटा नियंत्रित किया जा सके।

चीन के बाद भारत दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता

भारत दुनिया में चीन के बाद सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है और इसकी मांग मुख्य रूप से ज्वेलरी उद्योग से आती है।

ये भी पढ़ें: भारत ने सोने-चांदी पर आयात शुल्क 15% किया, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव घटने की आस

मुख्य आर्थिक सलाहकार ने क्या कहा?

मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट भुगतान संतुलन के लिए एक गंभीर परीक्षा है, जिसका असर महंगाई, चालू खाता और रुपये की विनिमय दर पर पड़ सकता है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.63 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया।

पीएम मोदी की सोने की खरीद टालने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेल की बचत, सोने की खरीद टालने, विदेशी यात्रा कम करने और इलेक्ट्रिक वाहन व मेट्रो जैसे साधनों के इस्तेमाल की अपील की थी ताकि विदेशी मुद्रा बचाई जा सके। 

भारत पहले से ही तेल और उर्वरक के भारी आयात बोझ से जूझ रहा है और अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते हालात और कठिन हो गए हैं, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य लगभग बंद स्थिति में है।

 



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments