Last Updated:
Jalor News: जालोर के सुंधा माता मंदिर परिसर में युवतियों से छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. गाजियाबाद में महिला पहलवानों से अभद्रता और लखनऊ में छेड़छाड़ से परेशान छात्रा की आत्महत्या की घटना ने महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जालोर में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
जालोर. देश के अलग-अलग हिस्सों से महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़, अभद्रता और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. धार्मिक स्थल हो या सार्वजनिक सड़क, खेल का मैदान हो या स्कूल, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. राजस्थान के जालोर में सुंधा माता मंदिर परिसर में युवतियों के साथ छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वहीं, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में महिला पहलवानों के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। दूसरी ओर, लखनऊ में लगातार छेड़छाड़ और शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से परेशान 15 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली.
जालोर जिले के प्रसिद्ध सुंधा माता मंदिर परिसर में युवतियों के साथ छेड़छाड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद धार्मिक स्थल पर इस तरह की अशोभनीय हरकतों को लेकर लोगों में नाराजगी है. स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है. मामले में जसवंतपुरा थाना अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.
गाजियाबाद में महिला पहलवानों के साथ अभद्रता और मारपीट
इसी तरह की एक घटना 1 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सामने आई, यहां डगरपुर में आयोजित कुश्ती दंगल में भाग लेने जा रही महिला पहलवानों के साथ कथित छेड़छाड़, अभद्रता और मारपीट की गई. बताया जा रहा है कि पीड़ितों में एशिया स्तर की कुश्ती खिलाड़ी भी शामिल थी. महिला पहलवान एक 12 वर्षीय बच्ची के साथ अपने वाहन से कुश्ती दंगल में जा रही थी. इसी दौरान मोर्टा रोड पर कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली. शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने वाहन में सवार महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता की. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई, घटना के बाद महिला सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की आवाजाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
लखनऊ में छेड़छाड़ से परेशान छात्रा ने दी जान
महिलाओं के खिलाफ अपराध और पुलिस की कार्रवाई में देरी का एक बेहद दुखद मामला राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के कसमंडी कला इलाके से सामने आया. यहां 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा के साथ लगातार छेड़छाड़ की जा रही थी. आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ हमला भी किया. छात्रा के पिता आरोपी के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस चौकी से थाने तक चक्कर लगाते रहे, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. लगातार प्रताड़ना और शिकायत पर सुनवाई नहीं होने से परेशान छात्रा ने सोमवार दोपहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. किशोरी की मौत के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की जवाबदेही पर उठे सवाल
देश के अलग-अलग हिस्सों में सामने आई ये घटनाएं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाती हैं. जालोर में धार्मिक स्थल पर युवतियों से छेड़छाड़, गाजियाबाद में महिला खिलाड़ियों के साथ कथित अभद्रता और लखनऊ में शिकायतों के बावजूद कार्रवाई में देरी जैसे मामले बताते हैं कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है. जरूरी है कि शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करे और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…