HomeअपराधMaharashtra News: शनि अमावस्या की रात, नारंगी रुमाल और भोंदूबाबा की खूनी...

Maharashtra News: शनि अमावस्या की रात, नारंगी रुमाल और भोंदूबाबा की खूनी साजिश; महाराष्ट्र में कपल के मर्डर से सनसनी


Last Updated:

Maharashtra News: महाराष्ट्र के धुले जिले में शनि अमावस्या की रात एक कथित भोंदूबाबा के आश्रम में प्रेमी कपल की हत्या से सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान जयश्री काकुस्ते और अक्षय सोनावाने के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पूजा करने आश्रम पहुंचे थे, जहां विवाद के बाद उनकी हत्या कर दी गई. घटनास्थल से मिला नारंगी रुमाल इस केस का सबसे बड़ा सुराग बना. खोजी कुत्ते रुमाल की गंध के आधार पर सीधे आरोपी योगेश उर्फ भैया बापू खैरनार के आश्रम तक पहुंचे. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अक्षय का शव जंगल में दफन मिला, जबकि जयश्री का शव सड़क किनारे बरामद हुआ. मामले की जांच कई एंगल से जारी है.

Zoom

महाराष्ट्र के धुले में शनि अमावस्या की रात भोंदूबाबा के आश्रम में प्रेमी जोड़े की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया.

न्यूज18 मराठी
Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के धुले जिले से सामने आई यह वारदात सिर्फ एक डबल मर्डर नहीं, बल्कि अंधविश्वास, डर और कथित चमत्कारों के नाम पर चल रहे काले खेल की खौफनाक तस्वीर बनकर सामने आई है. शनि अमावस्या की रात लोग जहां पूजा-पाठ और आस्था में डूबे थे, वहीं धुले के साकरी तालुका में एक कथित भोंदूबाबा के आश्रम में ऐसी साजिश रची गई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. एक युवक और उसकी प्रेमिका पूजा करने पहुंचे थे, लेकिन अगले दिन उनकी कहानी लाशों में बदल चुकी थी. सड़क किनारे मिला महिला का शव, जंगल में दफन युवक की बॉडी और घटनास्थल से मिला एक नारंगी रुमाल इस केस की सबसे अहम कड़ी बन गया. पुलिस जांच में सामने आई कहानी ने महाराष्ट्र में फिर से अंधविश्वास और फर्जी बाबाओं के नेटवर्क पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

धुले पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 25 वर्षीय जयश्री रजनीकांत काकुस्ते और अक्षय गंगाधर सोनावाने के रूप में हुई है. जयश्री एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करती थीं, जबकि अक्षय ग्राम पंचायत में सिपाही होने के साथ पारिवारिक केबल कारोबार से भी जुड़े थे. दोनों शनि अमावस्या की रात साकरी तालुका के जैताने स्थित योगेश उर्फ भैया बापू खैरनार के आश्रम में पूजा करने पहुंचे थे. अगले दिन सुबह रायपुर-भड़गांव रोड पर जयश्री का शव मिला. चेहरा कपड़े से ढंका था और ऊपर दोपहिया वाहन पड़ा था. पुलिस को शुरुआत में यह सड़क हादसा लगा, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, मामला दोहरी हत्या में बदल गया.

नारंगी रुमाल से खुला मर्डर मिस्ट्री का राज

  • पूरे केस में सबसे अहम सुराग घटनास्थल से मिला नारंगी रंग का रुमाल साबित हुआ. पुलिस ने जब खोजी कुत्तों को रुमाल की गंध सूंघाई तो वे सीधे योगेश खैरनार के आश्रम तक पहुंच गए. इसके बाद पुलिस ने भोंदूबाबा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती के बाद कथित तौर पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली. पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि पूजा के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने अक्षय के सिर पर लोहे की वस्तु से हमला कर दिया. वहीं जयश्री की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या की गई.
  • पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की थी. अक्षय के शव को आश्रम के पास उभानार्डी के जंगल क्षेत्र में दफना दिया गया. शव को ले जाने के लिए बैलगाड़ी का इस्तेमाल किया गया था. पुलिस को जमीन पर बैलगाड़ी के पहियों के निशान भी मिले हैं. बाद में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया. इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में डर और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है.

अंधविश्वास के नाम पर बढ़ता काला कारोबार

महाराष्ट्र में पिछले कुछ समय से फर्जी बाबाओं और अंधविश्वास से जुड़े मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. नासिक के अशोक खरात और सोलापुर के ‘मनोहर मामा’ जैसे मामलों के बाद अब धुले की यह घटना सामने आई है. पुलिस फिलहाल इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी लंबे समय से लोगों को डर और पूजा-पाठ के नाम पर अपने जाल में तो नहीं फंसा रहा था. हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे मानव बलि का मामला मानने से इनकार किया है.

पुलिस की जांच में क्या-क्या सामने आया?

निजामपुर पुलिस अधिकारी मयूर भामरे के मुताबिक जांच कई एंगल से चल रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों मृतक आखिर किस मकसद से आश्रम पहुंचे थे और वहां विवाद किस बात पर हुआ. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस अपराध में किसी और की भी भूमिका थी. आरोपी योगेश खैरनार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे लगातार पूछताछ जारी है. इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति पैदा न हो.

About the Author

authorimg

Sumit KumarSenior Sub Editor

सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments