Last Updated:
Odisha human sacrifice case: ओडिशा के बोलांगीर में कथित नरबलि से जुड़ा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. पुलिस के मुताबिक शत्रुघ्न साहू ने 40 साल के संतोष खारसेल को खाना खाने के बहाने घर बुलाया और उसके सो जाने के बाद कथित तौर पर उसकी हत्या कर सिर धड़ से अलग कर दिया. शव को तालाब में फेंका गया, जबकि कटा हुआ सिर पूजा रूम में छिपाने का आरोप है. पुलिस ने सिर और घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद किया है. जांच में पत्नी को वापस पाने के लिए कथित तंत्र-मंत्र और बलि देने का एंगल सामने आया है. मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
ओडिशा के बोलांगीर में कथित नरबलि का सनसनीखेज मामला सामने आया है. (फोटो सोशल मीडिया)
Odisha human sacrifice case: ओडिशा के बोलांगीर में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया. कहानी की शुरुआत एक साधारण दावत के न्योते से हुई थी. 18 अगस्त को 40 साल के संतोष खारसेल को शत्रुघ्न साहू ने अपने घर खाना खाने के लिए बुलाया. संतोष को शायद जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह बुलावा उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बनने वाला है. पुलिस के मुताबिक रात में संतोष के सो जाने के बाद उस पर हमला किया गया. फिर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया. इसके बाद शव को गांव के बाहर एक तालाब में फेंक दिया गया, जबकि सिर को कथित तौर पर पूजा कक्ष में छिपा दिया गया.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार मामला तब खुला जब स्थानीय लोगों की नजर तालाब के पास पड़े बिना सिर वाले शव पर पड़ी. पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच तेजी से आगे बढ़ी. पूछताछ में आखिरी बार संतोष को शत्रुघ्न के साथ देखे जाने की जानकारी सामने आई. पुलिस जब उसके घर पहुंची, तब आरोपी कथित तौर पर ध्यान कर रहा था. शुरुआत में उसने शराब को लेकर विवाद की कहानी बताई. लेकिन पूछताछ आगे बढ़ी तो कथित तौर पर हत्या और कटे सिर से जुड़ा दूसरा राज सामने आया.
पूजा रूम में छिपा था संतोष का सिर
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जांचकर्ताओं को उस जगह के बारे में बताया जहां संतोष का कटा हुआ सिर छिपाया गया था. इसके बाद पुलिस ने खुदाई कर सिर बरामद किया. वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना धारदार हथियार भी जब्त किया गया है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. उसकी मां, भाई और भाभी से भी पूछताछ की गई है.
पुलिस को शक है कि यह सिर्फ आपसी विवाद का मामला नहीं है. जांच में कथित तौर पर अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र का एंगल भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार, शत्रुघ्न ने पूछताछ में दावा किया कि वह अपनी अलग रह रही पत्नी को वापस पाना चाहता था. इसी कोशिश में उसने कथित तौर पर संतोष की बलि देने की योजना बनाई. हालांकि, इस दावे की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही साफ होगी.
10 साल से पत्नी से अलग रह रहा था आरोपी
जांच कर रही टीम के मुताबिक शत्रुघ्न की पत्नी करीब 10 साल से उससे अलग रह रही थी और अपने बेटे-बेटी के साथ रहती थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पत्नी को वापस पाने की सनक ने आरोपी को इस खौफनाक कदम तक पहुंचाया या इसके पीछे किसी ने उसे तंत्र-मंत्र का भरोसा दिलाया था. यह भी जांच का विषय है कि कथित नरबलि की योजना अकेले बनाई गई थी या इसमें बाकी आरोपियों की भी सक्रिय भूमिका थी.
पहले शराब विवाद बताया, फिर बदली कहानी
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने संतोष की हत्या के पीछे शराब पीने को लेकर हुआ विवाद बताया था. लेकिन आगे पूछताछ के दौरान कथित तौर पर उसने हत्या के तरीके और सिर छिपाने की जगह के बारे में जानकारी दी. पुलिस अब घटनाक्रम को दोबारा जोड़कर देख रही है. अधिकारियों ने अपराध का री-कंस्ट्रक्शन भी किया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात किस क्रम में हुई और इसमें कौन-कौन शामिल था.
पांच आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
बोलांगीर के एसपी जी. अभिलाष के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपराध कबूल किया है. पुलिस ने संतोष का सिर बरामद करने के साथ हथियार भी जब्त कर लिया है. अब जांच का फोकस बाकी आरोपियों की भूमिका और कथित तंत्र-मंत्र वाले एंगल पर है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस घटना के पीछे किसी बाहरी व्यक्ति या किसी और नेटवर्क की भूमिका थी.
About the Author

सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…
और पढ़ें



