HomeअपराधUdaipur News: उदयपुर में फिर सिर उठा रही गैंगवार, हिस्ट्रीशीटरों में वर्चस्व...

Udaipur News: उदयपुर में फिर सिर उठा रही गैंगवार, हिस्ट्रीशीटरों में वर्चस्व की जंग, फायरिंग से दहला इलाका


उदयपुर. शहर में एक बार फिर गैंगवार जैसे हालात बनते नजर आ रहे हैं. सवीना थाना क्षेत्र में रविवार तड़के हिस्ट्रीशीटरों के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक टकराव हो गया. पहले एक हिस्ट्रीशीटर अरदीन उर्फ लाला पर तलवारों से हमला किया गया. इसके बाद उसके भाई फरदीन पर फायरिंग कर दी गई, जिसमें उसे दो गोलियां लगने की बात सामने आई है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. फरदीन को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई.

इधर, भाई पर फायरिंग की सूचना मिलने के बाद अरदीन पक्ष के लोगों ने भी कथित तौर पर दूसरे पक्ष के रिश्तेदार के मकान पर हमला कर दिया और तोड़फोड़ व मारपीट की. लगातार हुई हिंसक घटनाओं के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है. सवीना थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने मुख्य आरोपी मुजफ्फर उर्फ गोगा, अरदीन उर्फ लाला समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है. पुलिस अब पुरानी रंजिश, गैंगवार के कनेक्शन और वारदात की पूरी कड़ी खंगाल रही है.

जन्मदिन की पार्टी के दौरान हमला

बताया जा रहा है कि अरदीन उर्फ लाला शनिवार रात बलीचा स्थित एक होटल में अपने साथी दीपक पटेल की जन्मदिन पार्टी में शामिल था. तड़के करीब 2:30 बजे पहले से चली आ रही रंजिश के चलते मुजफ्फर उर्फ गोगा गिरोह से जुड़े उस्मान गनी और मोहसिन काड़ा समेत करीब 5 से 7 बदमाश वहां पहुंचे. आरोप है कि बदमाशों ने अरदीन पर तलवारों से हमला कर दिया. हमले के बाद अरदीन पक्ष की ओर से जवाबी पथराव किया गया, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले. इसी दौरान अरदीन के भाई फरदीन पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आई. फरदीन को दो गोलियां लगने से वह घायल हो गया. उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई. उपचार के दौरान उसके शरीर से गोलियां निकाल ली गईं.

भाई को गोली लगी तो दूसरे पक्ष के घर हमला

फरदीन को गोली लगने की सूचना मिलने के बाद अरदीन पक्ष भी उग्र हो गया. आरोप है कि सवीना इलाके में उस्मान के मामा इरशाद के मकान पर हमला बोलकर तोड़फोड़ और मारपीट की गई. एक ही विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से हुई हिंसा से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही सवीना थाना पुलिस सक्रिय हुई और दोनों पक्षों से जुड़े आरोपियों को हिरासत में लिया. पुलिस ने मुजफ्फर उर्फ गोगा, अरदीन उर्फ लाला, प्रदीप उर्फ बापू, प्रेम सिंह और यश खराड़ी को पकड़ा है. पुलिस ने आरोपियों से घटनास्थल की तस्दीक भी कराई है.

दोनों गुटों के बीच लंबे समय से रंजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुजफ्फर उर्फ गोगा और फरदीन-अरदीन भाइयों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है. दोनों पक्षों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक मुजफ्फर उर्फ गोगा के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और लूट समेत करीब 40 मामले दर्ज हैं. वहीं फरदीन पर 22 और अरदीन पर भी कई संगीन मामले दर्ज बताए गए हैं. वर्ष 2024 में मुजफ्फर उर्फ गोगा को भी हथियार के साथ पकड़ा गया था. वहीं दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के चलते एक-दूसरे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जाती रही है. पुलिस इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की पुरानी रंजिश और वारदात की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

जेल से साजिश का भी सामने आया कनेक्शन

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि पिछले साल अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद फरदीन से मिलने पहुंचे अरदीन को कथित तौर पर मुजफ्फर उर्फ गोगा की हत्या की जिम्मेदारी दी गई थी. पुलिस के अनुसार, अरदीन ने हथियार की व्यवस्था भी कर ली थी, लेकिन वारदात से पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ता गया. फिलहाल सवीना पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किए हैं. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग और हमले की पूरी साजिश किसने रची थी और वारदात में शामिल अन्य लोग कौन हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments