Last Updated:
Love Story: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक अजीबोगरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बारात निकलने से कुछ घंटे पहले एक सनकी आशिक ने दूल्हे को फोन कर धमकी दी कि अगर वह बारात लेकर आया तो उसे गोली मार देगा, क्योंकि दुल्हन सिर्फ उसी की बनेगी. इस जानलेवा धमकी से घबराए दूल्हे ने बारात ले जाने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है.
बरात लेकर जा रहे लड़के को दुल्हन के आशिक ने जान से मारने की धमकी दी. (AI की मदद से तस्वीर बनी है)
अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शादी की खुशियों के बीच एक सनकी आशिक की धमकी ने ऐसा भूचाल लाया कि हंसता-खेलता रिश्ता टूटते-टूटते बचा. बारात निकलने की तैयारी चल रही थी, घर में अंतिम रस्में पूरी हो रही थीं और हर कोई जश्न में डूबा था, तभी दूल्हे के मोबाइल पर एक धमकी भरा फोन आया. फोन करने वाले ने दूल्हे को चेतावनी दी कि अगर वह बारात लेकर पहुंचा, तो उसे गोली मार दी जाएगी क्योंकि दुल्हन सिर्फ उसी की होगी. इस धमकी के बाद सहमए दूल्हे ने बारात ले जाने से इनकार कर दिया.
पीड़ित दूल्हे ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह धनौरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है और दिल्ली के एक निजी बैंक में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है. उसकी शादी हैबतपुर चौधरियान गांव में तय हुई थी, जिसके पिता एक प्रतिष्ठित शिक्षक हैं. वहीं, दूल्हे के पिता भी पूर्व प्रधान रह चुके हैं. बारात निकलने से ठीक पहले एक अनजान नंबर से कॉल आई, जिसमें फोन करने वाले ने अपना नाम अर्शद मलिक बताया. कॉलर ने कहा, “तुम जिससे शादी करने जा रहे हो, मैं उससे प्यार करता हूं. अगर बारात लेकर आए तो बीच रास्ते में गोली मार दूंगा.” इस फोन कॉल के बाद से दूल्हा और उसका पूरा परिवार बुरी तरह डर गया.
लड़की पक्ष ने की समझाने की कोशिश
घटना की जानकारी मिलते ही लड़की पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए. दुल्हन के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर इस शादी में खर्च किया है. उन्होंने दूल्हे को दहेज में कार और महंगे फर्नीचर जैसे तमाम तोहफे दिए हैं. परिवार का कहना है कि अगर शादी नहीं हुई तो वे समाज में पूरी तरह बर्बाद हो जाएंगे और उनकी भारी बदनामी होगी. उधर, दुल्हन का कहना है कि आरोपी युवक उसी के गांव का रहने वाला है और बेवजह उसके पीछे पड़ा है, जिससे उसका कोई लेना-देना नहीं है. तमाम कोशिशों और घंटों चली पंचायत के बावजूद डरे हुए दूल्हे ने बारात ले जाने से साफ मना कर दिया और अंततः बिना दुल्हन के ही अपने घर लौट गया.
कॉल डिटेल्स खंगाल रही है टीम पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच हुई इस पंचायत में यह निर्णय लिया गया है कि आरोपी युवक और दुल्हन के फोन की कॉल डिटेल्स (CDR) निकाली जाएगी. इसके जरिए यह स्पष्ट किया जाएगा कि वास्तव में दोनों के बीच कोई संपर्क था या नहीं, उसके बाद शादी की नई तारीख तय करने पर विचार किया जाएगा.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …