Last Updated:
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में राज्य परिवहन की बिल्कुल नई बस चोरी होने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. बस चोरी की वारदात को जामनेर डिपो के अंदर से अंजाम दिया गया है. हालांकि रास्ते में टायर पंचर होने की वजह से चोर बस को गांव के पास छोड़कर फरार हो गए.
डिपो से ही बस उड़ा कर ले गए चोर.
Mahatastra News: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां कुछ चोरों ने राज्य परिवहन की सिक्योरिटी को न केवल चकमा दे दिया, बल्कि डिपो में खड़ी नई नवेली बस पर हाथ साफ कर फरार हो गए. लेकिन, उनकी इस शातिराना वारदात पर एक छोटी सी कील ने पानी फेर दिया. दरअसल, रास्ते में बस का एक टायर पंचर हो गया. जिसके बाद चोर उसे गांव के पास छोड़कर फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार देर रात जामनेर एसटी डिपो में हुई. डिपो में हाल ही में नई बस पहुंची थी. कुछ ही घंटों के बाद डिपो स्टाफ ने पाया कि मौके से बस नदारद थी. सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि एक शख्स ड्राइवर सीट पर बैठकर बस को पार्किंग से पीछे करते नजर आता है. इसके बाद, मौका मिलते ही वह बस को डिपो से बाहर लेकर चला जाता है. डिपो के अधिकारी तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को देते हैं.
मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज से मिले सबूतों के आधार पर जांच शुरू करती है. कुछ देर की कवायद के बाद पुलिस को पता चलता है कि चोर बस को ज्यादा दूर तक नहीं ले जा सके. रास्ते में बस का एक टायर पंचर हो गया. इसके बाद चोरों ने बस को एक गांव के पास छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए. वहीं, इस घटना ने जामनेर एसटी डिपो की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चोर इतनी बड़ी और नई बस को डिपो से बाहर कैसे ले गए.
बस को बाहर ले जाते समय सिक्योरिटी स्टाफ की नजर इस बस पर क्यों नहीं पड़ी. सवाल यह भी है कि क्या डिपो के अंदर आने और बाहर जाने वाले बसों की इंट्री नहीं की जाती है. यदि हां तो इस बस की एग्जिट एंट्री क्यों नहीं की गई. बताया जा रहा है कि बस स्टैंड के आसपास पिछले कुछ दिनों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं. ऐसे में डिपो की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सुरागों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बस चोरी करने के पीछे चोरों का मकसद क्या था और इस पूरी घटना में सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें



