Last Updated:
मध्यप्रदेश के सीधी जिले में महिला की अधजली लाश मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. बहरी थाना क्षेत्र के दुआरा कला गांव में खेत किनारे मिली महिला की अधजली लाश के पीछे किसी और का नहीं बल्कि उसके पति का ही हाथ निकला. पुलिस जांच में सामने आया कि लंबे समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद और भरण-पोषण राशि को लेकर तनाव चल रहा था. न्यायालय के आदेश पर पति के घर पहुंची, तो महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के लिए शव को खेत किनारे ले जाकर आग लगा दी गई. आखिरी क्या है पत्नी की अधजली लाश की मिस्ट्री खास रिपोर्ट?
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी
सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र में 6 जून को उस वक्त हड़कंप मच गया था, जब दुआरा कला गांव के खेत किनारे एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ. शव की हालत इतनी खराब थी कि शुरुआत में पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई, लेकिन उसके बावजूद भी कोई रास्ता पता नहीं चल सका. दूसरे दिन मृतका के परिवारजन सिटी कोतवाली थाना पहुंचे जहां एक महिला की गुमशुदगी की होने की बात बताई. तब मृतिका की पहचान ममता नामदेव के रूप में हुई.
ममता पिछले कई वर्षों से अपने पति सुरेश नामदेव से अलग रह रही थी, बताया गया कि वह अपनी बेटी के साथ किराए के मकान में रहकर मजदूरी करती थी और उसी से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही थी. पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय तक पहुंच चुका था. पुलिस जांच में पता चला कि न्यायालय के आदेश के बाद ममता अपने पति सुरेश के घर भरण-पोषण और घरेलू विवाद से जुड़े मामले में बातचीत करने पहुंची थी, लेकिन दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि यह विवाद हत्या तक पहुंच गया.
मारने के बाद क्या था प्लान?
पुलिस के अनुसार आरोपी सुरेश ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने अपने अपराध को छिपाने की पूरी कोशिश की, उसने शव को घर से हटाकर खेत किनारे फेंक दिया और पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव में आग लगा दी. आरोपी को लगा कि शव जल जाने के बाद पुलिस तक कोई सुराग नहीं पहुंच पाएगा, लेकिन घटनास्थल पर मिले कुछ अहम साक्ष्य उसके लिए ही फंदा बन गए. पुलिस को घटनास्थल से कटे हुए कपड़े, आधी जली चूड़ियां और अन्य भौतिक साक्ष्य मिले. इन साक्ष्यों को जब्त कर वैज्ञानिक तरीके से जांच की गई. पुलिस ने मृतिका के परिजनों, ग्रामीणों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की. जांच के दौरान बार-बार पति सुरेश का नाम सामने आने लगा.
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सुरेश को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की. शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब उसके सामने जुटाए गए सबूत रखे गए तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी ममता से लंबे समय से विवाद चल रहा था, दोनों अलग-अलग रह रहे थे और भरण-पोषण राशि को लेकर भी अक्सर विवाद होता था. घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर पत्नी की हत्या कर दी. मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी पति सुरेश नामदेव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किया हत्याकांड का पर्दाफाश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर अपराध में आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों के भयावह परिणाम को सामने लाती है, जिस व्यक्ति के साथ सात फेरे लेकर जीवन बिताने की कसमें खाई थी, उसी ने अपनी पत्नी की जिंदगी छीन ली. एक बेटी से उसकी मां का साया छिन गया और एक परिवार हमेशा के लिए बिखर गया. सीधी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही दिनों के भीतर इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया. घटनास्थल से मिले छोटे-छोटे साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच इस पूरे मामले की कड़ी साबित हुए, जिन्होंने आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचा दिया.
बहरहाल दुआरा कला गांव में मिली अधजली महिला की लाश का रहस्य आखिरकार सुलझ गया है और पुलिस ने हत्यारे पति को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. इस मामले ने यह साबित कर दिया कि अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी से सबूत मिटाने की कोशिश करें, लेकिन कानून के हाथ लंबे होते हैं, फिलहाल आरोपी जेल में है और पुलिस पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
About the Author

with more than more than 5 years of experience in journalism. It has been two and half year to associated with Network 18 Since 2023. Currently Working as a Senior content Editor at Network 18. Here, I am cover…और पढ़ें



