Last Updated:
Bharatpur Murder Case: डीग जिले के बड़ेसरा गांव में 13 साल के जुड़वा भाइयों के शव ज्वार-बाजरे की पुंज में मिलने से सनसनी फैल गई. दोनों बच्चों के सिर पर चोट के निशान मिले हैं. सूचना पर एसपी कांबले शरण गोपीनाथ मौके पर पहुंचे, पुलिस डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम की मदद से मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है.
भरतपुर. डीग जिले के बड़ेसरा गांव में दो जुड़वा भाइयों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई, दोनों बालकों की उम्र करीब 13 साल बताई जा रही है. उनके शव गांव में ज्वार-बाजरे की पुंज में मिले, घटना की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी, दोनों बच्चों के सिर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों बालकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीग के पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ भी मौके पर पहुंचे, उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़ी जानकारी ली. जनूथर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की कार्रवाई शुरू की, पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों बच्चों की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम जुटाएगी साक्ष्य
दोनों बालकों के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया जा रहा है. ये टीमें मौके से साक्ष्य जुटाने और घटना से जुड़े संभावित सुराग तलाशने में मदद करेंगी. पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि बच्चों की मौत किसी हादसे के कारण हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस की ओर से घटनास्थल की जांच और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों बालकों के शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाए जाएंगे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है. यह मामला डीग जिले के नगर थाना क्षेत्र के बड़ेसरा गांव का बताया जा रहा है. दो नाबालिग जुड़वा भाइयों की एक साथ मौत की खबर से गांव में शोक और चिंता का माहौल है. पुलिस जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…