Last Updated:
छह बच्चों की मां से इश्क की बात खुली तो गांव वालों ने एक बड़ा फैसला ले लिया. गांव वालों के दवाब में शख्स ने पहले तो फैसले को मान लिया, लेकिन बाद में कुछ ऐसा किया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने इस मामले में प्रेमी और उसके दो भाइयों को अरेस्ट किया है. क्या है पूरा मामला जानने के लिए पढ़ें आगे…
असम के मोरीगांव में हुई इस वारदात के मामले में पुलिस ने तीन प्रेमी सहित तीन आरोपियों को अरेस्ट किया है. (AI Image)
क्राइम न्यूज. असम के मोरीगांव जिले में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. दरअसल, छह बच्चों की विधवा मां का गांव के ही एक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. अचानक उनके प्रेम प्रसंग की भनक गांव वालों को लग गई. इसके बाद, मचे बवाल को निपटाने के लिए गांव में पंचायत बैठी. पंचायत में फैसला हुआ कि दोनों को शादी कर लेनी चाहिए. गांव की महिलाओं ने शादी का इंतजाम भी कराया. लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था. शादी से ठीक पहले इस महिला की निमृम हत्या कर दी गई. आरोप है कि महिला के प्रेमी और उसके दो भाइयों ने मिलकर उसकी हत्या की वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, यह मामला असम के मोरीगांव जिले के भूरागांव थाना क्षेत्र के बघूथा गांव का है. इसी गांव में 48 साल की एक विधवा महिला अपने छह बच्चों के साथ रहती थी. इस महिला का इसी गांव में रहने वाले बुबुल बोरो नाम के व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध था. इस रिश्ते की जानकारी सामने आने के बाद रविवार को गांव के लोगों ने पंचायत बुलाई. इस बैठक में फैसला लिया गया कि महिला और बुबुल बोरो को शादी करनी होगी. पंचायत में यह भी तय हुआ कि बुबुल बोरो सोमवार को महिला को अपने घर ले जाएगा. इसके बाद इलाके की महिलाओं ने शादी की तैयारियां शुरू कर दीं. पंचायत के दबाव में बुबुल बोरो ने शादी तो कर ली, लेकिन उसने अपने मन में कुछ और ही ठान लिया था.
सामने आया शादी के बाद का खौफनाक सच
पुलिस के अनुसार, शादी के बाद महिला बुबुल बोरो के घर तो पहुंच गई, लेकिन वहां उसकी जिंदगी नर्क से बदतर हो गई. न केवल बुबुल बोरो, बल्कि उसके भाइयों ने भी महिला को प्रताडि़त करना शुरू कर दिया. इसी प्रताड़ना के चलते सोमवार की रात को महिला की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपियों ने अपराध छिपाने के मकसद से शव को दो दिनों तक घर के भीतर ही रखा. इस दौरान किसी को मामले की जानकारी नहीं हुई.
घर से दुर्गंध आई तो खुला राज
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब पड़ोसियों को घर से दुर्गंध आने लगी. पड़ोसियों की शिकायत के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घर के भीतर से महिला का शव बरामद किया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने इस मामले में बुबुल बोरो और उसके दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों से पुलिस की पूछताछ फिलहाल जारी है.