Delhi Police News : पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के ईस्ट विनोद नगर गली नंबर 2 में दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस फरार आरोपी कॉन्स्टेबल की तलाश कर रही है।
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल ने स्कूटी पर साथ जाते वक्त हुए झगड़े के बाद अपनी पत्नी की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कॉन्स्टेबल स्कूटी लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने लहूलुहान महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हत्या का आरोपी कॉन्स्टेबल मनीष भाटी एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) में तैनात है। यह घटना सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के ईस्ट विनोद नगर गली नंबर 2 में हुई। पुलिस ने महिला प्रियंका भाटी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस ने आज इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कल्याणपुरी इलाके में एक कॉन्स्टेबल अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर जा रहा था, तभी किसी बात पर उन दोनों के बीच बहस हो गई। इसके बाद गुस्साए कॉन्स्टेबल ने सड़क पर स्कूटी रोककर बीच रास्ते में ही अपनी पत्नी को गोली मार दी। घटना के वक्त मौके पर मौजूद चार-पांच लोग घायल महिला को ऑटो-रिक्शा से पास के एलबीएस अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। आरोपी कॉन्स्टेबल स्कूटी सहित फरार है।
दादरी में है प्रियंका का मायका
बताया जा रहा है कि मनीष और प्रियंका की शादी करीब 3 साल पहले हुई थी। पुलिस को पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी। मृतक महिला का मायका उत्तर प्रदेश के दादरी में है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस इस वारदात के पीछे की असल वजह जानने के लिए मृतक महिला के परिजनों से बातचीत करने के अलावा इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस कॉन्स्टेबल के घर पहुंचकर जांच में जुटी है।



