Last Updated:
Rajasthan ATS On Rohit Godara Gang: राजस्थान सहित इस राज्य से सटे अन्य जिलों में आए दिन गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गैंगस्टर रोहित गोदारा से जुड़े मामले सामने आते हैं. कभी धमकी तो कभी गोलीबारी तो कभी गैंगवार. रोहित गोदारा पर तो अमेरिका में भी चार्जशीट दर्ज है. वह भारत में मोस्ट वांटेड है. आज राजस्थान एटीएस के एडीजी दिनेश एम एन ने उसके नेटवर्क को तोड़ने का दावा किया. उन्होंने बताया कि अब तक 5-6 मॉड्यूल पकड़े गए. जानें उन्होंने और कुछ क्या कहा?
राजस्थान एडीजी दिनेश एमएन ने रोहित गोदारा गैंग को पकड़ने पर क्या कहा
जयपुर. राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में फिरौती, अपहरण, धमकी और फायरिंग जैसी वारदातों में नाम आने वाला गैंगस्टर रोहित गोदारा एक बार फिर चर्चा में है. हाल ही में अमेरिका के न्याय विभाग ने भी उसे अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की सूची में शामिल करते हुए चार्जशीट दाखिल की है. इसी बीच राजस्थान एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने भी रोहित गोदारा और उसके नेटवर्क को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि भले ही गोदारा विदेश में बैठा हो, लेकिन राजस्थान में उसके पूरे नेटवर्क को खत्म करने की कार्रवाई लगातार जारी है.
एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने कहा कि रोहित गोदारा सिर्फ राजस्थान ही नहीं बल्कि पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में वांटेड है. उन्होंने कहा कि दूसरे देश में मौजूद आरोपी को गिरफ्तार करना आसान नहीं होता और इसमें कई तरह की चुनौतियां हैं. हालांकि उन्होंने साफ कहा कि राजस्थान में उसके नेटवर्क को लगातार तोड़ा जा रहा है.
गैंग के पांच-छह मॉड्यूल पकड़ में
दिनेश एमएन के मुताबिक अब तक रोहित गोदारा गैंग के पांच से छह मॉड्यूल पकड़े जा चुके हैं. कार्रवाई के दौरान हथियार भी बरामद किए गए हैं. उन्होंने कहा कि एटीएस की कोशिश है कि इस गैंग की ओर से फायरिंग और हत्या जैसी घटनाएं न हो सकें. जिन लोगों को धमकी मिल रही है, उन्हें सुरक्षा देने की भी कोशिश की जा रही है. साथ ही गैंग की मदद करने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.
अमेरिका में भी बड़ी कार्रवाई
उधर अमेरिका के न्याय विभाग ने ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत भारतीय मूल के अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा और जग्गू भगवानपुरिया समेत 37 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है. संयुक्त अभियान के दौरान अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 10 आरोपी अभी भी फरार बताए गए हैं. जांच एजेंसियों का आरोप है कि यह नेटवर्क हत्या, रंगदारी, ड्रग्स तस्करी, हथियारों की सप्लाई, मानव तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे अंतरराष्ट्रीय अपराधों में शामिल रहा है.
राजस्थान में भी लगातार सामने आ रहे हैं गैंग के मामले
हाल ही में झुंझुनूं जिले की पिलानी पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग से जुड़े विकास उर्फ दुबे को गिरफ्तार किया था. पुलिस के अनुसार आरोपी ने पिलानी के एक कॉलेज संचालक से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी. आरोप है कि उसने वॉइस मैसेज भेजकर कहा था कि यह भाई रोहित गोदारा का संदेश है और दो करोड़ रुपये देने होंगे.
सोशल मीडिया पोस्ट भी रहा चर्चा में
हाल ही में सोशल मीडिया पर किए गए एक दावे में यह भी कहा गया कि कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक शूटर और हैंडलर की हत्या की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली थी. यह दावा सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किया गया था. इन घटनाओं के बीच राजस्थान एटीएस का कहना है कि राज्य में रोहित गोदारा गैंग के नेटवर्क और उसके मददगारों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और गैंग की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
About the Author

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें



