Last Updated:
IRS Daughter Murder Case: ईस्ट ऑफ कैलाश की अमर कालोनी में आईआरएस की बेटी की बेहरमी से हत्या करने वाले राहुल ने अपने कबूलनामें में पुलिस को बहुत कुछ बताया है. इस कबूलनामे के बाद पुलिस ने इस वारदात से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ लिया है. उसमें पुलिस को बताया कि घर में बीते 41 मिनट के दौरान उसने क्या-क्या किया.
आईआरएस बेटी मर्डर केस में आरोपी राहुल ने कई बड़े खुलासे किए हैं.
IRS Daughter Murder Case: दिल्ली के साउथ-ईस्ट इलाके में आईआरएस अफसर की 22 वर्षीय बेटी की बेहरमी से हत्या के मामले में कई नए खुलासे हुए हैं. दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को हत्या के मकसद से साथ उन 41 मिनट का पूरा घटनाक्रम बताया है, जिस दौरान हत्यारोपी राहुल मीणा आईआरएस अफसर के घर के भीतर रहा. अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल मीना ऑनलाइन गेमिंग की लत में पूरी तरह डूब चुका था. इसी लत ने उसे कर्ज के दलदल में धकेल दिया था.
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पर करीब 5 लाख रुपये का उधार हो चुका था. हालत यह हो गई थी कि उसने अपना ही नहीं, बल्कि अपने घरवालों के तीन मोबाइल फोन तक बेच दिए और उस रुपयों को भी गेम में हार गया. लगातार बढ़ते कर्ज और रुपयों की जरूरत को पूरा करने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम देने की ठानी थी. आरोपी ने कोर्ट में कबूल किया कि वह सिर्फ लूट के इरादे से घर में दाखिल हुआ था. लेकिन, घर में कुछ ऐसा हुआ, जिसके बाद उसने पीड़ता के साथ रेप किया और फिर उसकी हत्या कर दी.
शू रैक में रखे एक्सेस कार्ड से घर में हुआ दाखिल
- पुलिस के अनुसार, राहुल मीना पहले पीड़िता के घर में करीब डेढ़ साल तक काम कर चुका था. इस दौरान उसे घर के हर कोने और दिनचर्या की पूरी जानकारी हो गई थी. उसे यह भी पता था कि घर में कौन कब आता-जाता है और सुरक्षा व्यवस्था कैसी है.
- जब ऑनलाइन गेम में भारी रकम हारने के बाद उस पर कर्ज का दबाव बढ़ा, तो उसने अपने पुराने मालिक के घर को ही निशाना बनाने की साजिश रच डाली. राजस्थान के अलवर में पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया और दिल्ली आ गया.
- दिल्ली पहुंचने के बाद वह सीधे अपने पुराने मालिक के घर पहुंचा, जहां उसे पहले से ही अंदर घुसने के तरीके पता थे. वारदात वाले दिन की सुबह आईआरएस अधिकारी और उनकी पत्नी के घर से बाहर निकलते ही राहुल मीना वहां पहुंच गया.
- घर के बाहर पहुंच गया. उसे पता था कि शू रैक में घर का एक्सेस कार्ड रखा रहता है. उसी कार्ड की मदद से वह आसानी से घर के अंदर दाखिल हो गया. अंदर पहुंचते ही वह सीधे उस कमरे में गया, जहां पीड़िता पढ़ाई कर रही थी.
- कमरे में पहुंचकर उसने पहले बहाना बनाया और लड़की से पैसे मांगे. उसने कहा कि आंटी ने पैसे देने के लिए बुलाया है. लेकिन लड़की को उस पर शक हो गया और उसने पूछा कि वह घर के अंदर कैसे आया. इसी बात पर आरोपी घबरा गया और उसने लड़की को काबू में करने की कोशिश शुरू कर दी.
- पहले उसने उसका गला दबाया, लेकिन जब वह पूरी तरह काबू में नहीं आई तो उसने मोबाइल चार्जर की तार से उसका गला कस दिया. इसके बाद भी वह नहीं रुका और पास में रखे लैम्प से लड़की के सिर और चेहरे पर कई वार किए.
- आरोपी ने पुलिस को अपने कबूलनामें में बताया कि जब पीड़िता बेहोश हो गई, तब आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद उसने शव को घसीटते हुए स्टडी रूम से नीचे लॉकर के पास ले आया.
- आरोपी को पहले से पता था कि घर का लॉकर सिर्फ परिवार के सदस्यों के फिंगरप्रिंट से ही खुलता है. उसने पीड़िता की उंगलियों का इस्तेमाल कर लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन खून लगे होने की वजह से वह पूरी तरह सफल नहीं हो पाया.
- इसके बाद उसने पेचकस की मदद से लॉकर को तोड़ा और उसमें रखे पैसे और गहने लेकर फरार हो गया. घर से निकलते समय आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए मोबाइल फोन पर बात करने का नाटक किया, ताकि किसी को उस पर शक न हो.
- वारदात को अंजाम देने के बाद वह पालम एयरपोर्ट पहुंचा, लेकिन ट्रेन छूट जाने के कारण उसने ऑटो लिया और द्वारका के एक होटल में जाकर छिप गया.
पुलिस के सामने आरोपी का कबूलनामा
हालांकि, पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर ली और उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसे हर महीने करीब 20 हजार रुपये सैलरी मिलती थी और त्योहारों पर अतिरिक्त रुपए और गिफ्ट भी दिए जाते थे. लेकिन ऑनलाइन गेमिंग की लत ने उसकी जिंदगी पूरी तरह बर्बाद कर दी. पहले उसने उधार लेना शुरू किया, फिर कर्ज बढ़ता गया और अंत में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया.
हर परीक्षा में अव्वल आती थी पीडि़ता
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वारदात बेहद बेरहमी से की गई थी. पूरे घर में खून के निशान मिले हैं. पीड़िता के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं. जांच के दौरान जब पुलिस पीड़िता के स्टडी रूम में पहुंची, तो वहां का दृश्य देखकर हर कोई भावुक हो गया. कमरे में पढ़ाई के शेड्यूल, नोट्स और दीवारों पर लिखे टारगेट यह बता रहे थे कि वह अपनी पढ़ाई को लेकर कितनी गंभीर थी. वह हर परीक्षा में अव्वल आती थी. फिलहाल UPSC की तैयारी कर रही थी.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें



