Last Updated:
Bharat Taxi Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में जल्द ही सहकारी मॉडल पर आधारित भारत की पहली टैक्सी सेवा “भारत टैक्सी” शुरू होने जा रही है. सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि जून माह के पहले सप्ताह में इस सेवा का शुभारंभ प्रस्तावित है. दिल्ली, लखनऊ, मुंबई और चंडीगढ़ के बाद अब जयपुर भी इस अनोखी टैक्सी मॉडल से जुड़ने जा रहा है. इस सेवा की खास बात यह है कि इसमें टैक्सी चालक ही कंपनी के वास्तविक मालिक होंगे. “भारत टैक्सी” स्वामित्व, सुरक्षा, सम्मान और लाभांश के समान वितरण के सिद्धांत पर आधारित होगी. सरकार का दावा है कि इससे चालकों को निजी कंपनियों के मनमाने शुल्क और शोषण से राहत मिलेगी.
जयपुर में जल्द शुरू होगी ‘भारत टैक्सी’!
जयपुर. सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने कहा कि सहकारी मॉडल पर आधारित भारत की पहली टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ का शीघ्र ही जयपुर में भी शुभारंभ होगा. यह सेवा आमजन को किफायती और सुरक्षित परिवहन का विकल्प उपलब्ध कराएगी. साथ ही, ‘सहकार से समृद्धि’ की संकल्पना को साकार करते हुए सारथियों (चालकों) की आर्थिक उन्नति का आधार भी बनेगी.
सहकारिता मंत्री बुधवार को अपेक्स बैंक सभागार में भारत टैक्सी संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत सारथियों (चालकों) को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि दिल्ली, लखनऊ, मुम्बई और चण्डीगढ़ के बाद अब जयपुर सहित अन्य शहरों में शीघ्र भारत टैक्सी सेवा शुरू होने जा रही है. जयपुर में जून माह के प्रथम सप्ताह में इस सेवा की शुरूआत प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी एक ऐसी अनूठी सेवा है, जिसमें मालिक कोई बाहरी व्यक्ति या कम्पनी नहीं होकर स्वयं टैक्सी चलाने वाले सारथी हैं. यह सेवा स्वामित्व, सुरक्षा कवच, सम्मान और लाभांश का समान वितरण के चार मूल विचारों पर आधारित है. इसमें टैक्सी चलाने वाला सारथी ही कंपनी का वास्तविक मालिक होगा.
सारथी का अकाउंट बिना सुनवाई के बंद नहीं किया जाएगा
श्रीदक ने कहा कि भारत टैक्सी में किसी भी सारथी का अकाउंट बिना सुनवाई के बंद नहीं किया जाएगा. भारत टैक्सी से सारथियों को हिडन चार्जेज से भी मुक्ति मिलेगी. सारथियों को विकल्प उपलब्ध होने से निजी कम्पनियों की मनमानी पर अंकुश लगेगा. इस प्रकार, सहकार टैक्सी सारथियों के जीवन, आत्मविश्वास और आर्थिक स्थिति में परिवर्तनकारी सिद्ध होगी. सहकारिता मंत्री ने सारथियों से आह्वान किया कि वे अन्य चालकों को भी इसके फायदों की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में उन्हें भारत टैक्सी के साथ जोड़ने में अपनी भूमिका निभाएं.
भारत टैक्सी की शुरूआत का बेसब्री से इंतजार
इस अवसर पर सारथियों ने अपने अनुभव एवं सुझाव साझा करते हुए कहा कि वे भारत टैक्सी की शुरूआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि निजी कम्पनियों के साथ कार्य करने में उन्हें विभिन्न प्रकार से शोषण का सामना करना पड़ता है और उनकी आमदनी में भी अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है. सारथियों ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि भारत टैक्सी स्वदेशी सहकारी संस्थाओं द्वारा संचालित होगी, जिससे देश का पैसा देश में ही रहेगा. उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी की शुरूआत से उन्हें निजी कम्पनियों के मनमाने सब्सक्रिप्शन चार्जेज से भी मुक्ति मिलेगी. उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे भारत टैक्सी के संचालन में राजस्थान को रोल मॉडल के रूप में स्थापित करने में पूरे मनोयोग से अपनी भूमिका निभाएंगे.
इस अवसर पर विशिष्ट सहायक डॉ. सूरज सिंह नेगी, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मा.सं.वि.) श्री भोमाराम, अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक श्री रणजीत सिंह चूंडावत एवं भारत टैक्सी के सिटी हैड (जयपुर) श्री अभिषेक चारण उपस्थित रहे.
About the Author

Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें



